फरीदाबाद में 7 सितंबर को राष्ट्रीय महिला आयोग की कार्यशाला का ओम बिरला करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा महिलाओं में राजनीतिक क्षमता संवर्द्धन के लिए आगामी 7 सितंबर को फरीदाबाद में “जेंडर रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस” विषय पर दो दिवसीय अखिल भारतीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उद्घाटन करेंगे।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सोमवार को बिरला से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें इस कार्यक्रम का आधिकारिक आमंत्रण सौंपने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा महिला जनप्रतिनिधियों के लिए यह दो दिवसीय अखिल भारतीय कार्यशाला 7 सितंबर को सुबह 10 बजे से ताज सूरजकुंड रिज़ॉर्ट, फरीदाबाद (दिल्ली-एनसीआर) में आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में 25 राज्यों से 200 से अधिक महिला विधायक सम्मिलित होंगी।
रहाटकर ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष का मुख्य आतिथ्य एवं मार्गदर्शन महिला विधायकों के लिए प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण स्रोत साबित होगा।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष को अवगत कराया कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कार्यरत राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा राजनीति में महिलाओं की सक्रियता बढ़ाने के लिए देशव्यापी क्षमता निर्माण कार्यक्रम शी इज चेंजमेकर चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राजनीति में सक्रिय महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान करना तथा उनके संवाद, लेखन और समग्र कौशल को विकसित करना है, जिससे वे प्रभावी नेतृत्व प्रदान करने में सक्षम बन सकें।
कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
महिला जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए आयोग महिला विधायकों को “जेंडर रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस” पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, ताकि उनके संबंधित राज्यों के विकास एवं प्रगति में उनके योगदान को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

