राजकोट में 21 साल की महिला की संदिग्ध मौत का एनसीडब्ल्यू ने लिया संज्ञान, सात दिनों में मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू ) ने गुजरात के राजकोट में 21 साल की नंदिनी आनंदभाई बोसमिया की संदिग्ध मौत का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने महिला के साथ हुए शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण—जिसमें जबरन गर्भाशय निकालना (हिस्टेरेक्टॉमी) भी शामिल है—के आरोपों का हवाला देते हुए, गुजरात पुलिस को एफआईआर दर्ज करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने, विस्तृत जांच करने और सात दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीर मानते हुए गुजरात के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने निर्देश दिए हैं कि उपयुक्त प्रावधानों के अंतर्गत तत्काल एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। कथित गर्भाश्य निकालवाने की विस्तृत जांच कर संबंधित स्वास्थ्य सुविधा की भूमिका की जांच की जाए।
आयोग ने विशेषज्ञों के पैनल द्वारा विस्तृत फॉरेन्सिक पोस्ट मार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ पीड़िता के साथ हुए वित्तीय शोषण की जांच कर उनकी रिकवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जूनागढ़ में दर्ज पूर्व शिकायत की समीक्षा कर किसी संस्थागत त्रृटि की जांच की जाए।
आयोग ने इस मामले में 7 दिनों के भीतर विस्तृत एक्श टेकन रिपोेर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

