home page

छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षा बलों ने नक्सली डम्प से हथियार व संचार उपकरण किया बरामद

 | 
छत्तीसगढ़ के कांकेर में सुरक्षा बलों ने नक्सली डम्प से हथियार व संचार उपकरण किया बरामद


कांकेर, 23 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने ग्राम आमाटोला के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान आज मंगलवार काे नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक नक्सली डम्प से हथियार, संचार उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई है। कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार थाना छोटेबेठिया क्षेत्र अंर्तगत ग्राम आमाटोला के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने सघन सर्चिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सली डम्प का पता लगाकर वहां से बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री में- 4 नग भरमार बंदूक, 2 वायरलेस सेट, 1 रेडियो सेट, 1 नक्सली वर्दी, 2 पाउच, 1 चार्जर, 1 बैटरी, नक्सली साहित्य एवं अन्य नक्सली सामग्री बरामद किया गया है। अभियान में बीएसएफ की 94वीं वाहिनी के एसी योगेश कुमार तथा इंस्पेक्टर सुमन कंथोसू के नेतृत्व में जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित रहे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे