home page

त्रिशा जॉली, गायत्री गोपीचंद, दिव्या देशमुख और तेजस्विन शंकर सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

 | 
त्रिशा जॉली, गायत्री गोपीचंद, दिव्या देशमुख और तेजस्विन शंकर सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार


त्रिशा जॉली, गायत्री गोपीचंद, दिव्या देशमुख और तेजस्विन शंकर सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। बैडमिंटन खिलाड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद, शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती तथा डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हालांकि, इस बार किसी भी खिलाड़ी को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया। वर्ष 2014 के बाद यह पहला अवसर है, जब खेल रत्न पुरस्कार किसी को नहीं मिला है।

राष्ट्रपति भवन में शुक्रवार को आयोजित समारोह में फुटबॉल खिलाड़ी इसायाह अरुमनायगम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) प्रदान किया गया। एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, मुक्केबाजी कोच छोटे लाल यादव और निशानेबाजी कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुक्केबाजी कोच धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार की लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मान दिया गया।

अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में विश्व कप विजेता शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य विदित गुजराती, राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता तेजस्विन शंकर, बैडमिंटन की महिला युगल जोड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद शामिल हैं। इनके अलावा एथलेटिक्स में मुहम्मद अजमल वरियाथोडी और रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाजी में नरेंद्र बेरवाल, हॉकी में तालरेमसियामी हर्जोर्ट और राजकुमार पाल, कबड्डी में सुरजीत और पूजा, रोइंग में अरविंद सिंह तथा निशानेबाजी में अखिल श्योराण को भी अर्जुन पुरस्कार दिया गया। पैरा खेलों में एकता भ्यान और रुद्रांश खंडेलवाल को यह सम्मान मिला। पैरा निशानेबाज धनुष श्रीकांत को भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

दिव्या देशमुख ने वर्ष 2025 में फिडे महिला विश्व कप जीतकर यह खिताब हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव प्राप्त किया था। उन्होंने बाकू में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत की अनुभवी खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को रैपिड टाई-ब्रेक में 1.5-0.5 से हराया था। वहीं, तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों की डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे। विदित गुजराती वर्ष 2024 में शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।

समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित प्रमुख खिलाड़ियों में दिव्या देशमुख, विदित गुजराती, मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल और युवा बधिर निशानेबाज धनुष श्रीकांत शामिल रहे। त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद जापान मास्टर्स टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के कारण समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। वर्ष 1962 के एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय फुटबॉल टीम के सदस्य इसायाह अरुमनायगम को खेलों में उनके योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार की लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया गया।

इसके अवाला राष्ट्रपति ने पुणे की आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह पुरस्कार उन संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही, तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 भी प्रदान किए गए। लैंड एडवेंचर श्रेणी में बतजीत कौर और स्कलजांग रिग्जिन, वाटर एडवेंचर श्रेणी में रिमो साहा तथा लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में शिव प्रसाद चमोली को सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार साहसिक खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियों और योगदान को मान्यता देते हैं। इनका उद्देश्य सहनशक्ति, जोखिम उठाने की क्षमता, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता को प्रोत्साहित करना है।

करीब 36 मिनट तक चले समारोह में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल सचिव हरि रंजन राव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खेल मंत्रालय ने 18 अगस्त को पुरस्कार विजेताओं की अंतिम सूची जारी की थी। यह सूची सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर तैयार की गई थी। समिति में जाने-माने खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता से जुड़े लोग और खेल प्रशासक शामिल थे।

उल्लेखनीय है कि अर्जुन पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1961 में हुई थी। यह पुरस्कार लगातार चार वर्षों तक खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन के लिए दिया जाता है। पुरस्कार विजेताओं को 15 लाख रुपये की नकद राशि, अर्जुन की कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। द्रोणाचार्य पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 1985 में हुई थी। यह पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिनके प्रशिक्षण में खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हैं। नियमित श्रेणी के विजेताओं को 10 लाख रुपये और लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी के विजेताओं को 15 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है।

परंपरागत रूप से राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर दिए जाते रहे हैं। हालांकि, कोविड-19 महामारी के बाद से पुरस्कार समारोह की तारीख में निरंतरता नहीं रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर