राष्ट्रीय खेल दिवस पर देश ने किया मेजर ध्यानचंद को नमन, राधाकृष्णन-बिरला समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के खेल जगत में उनके योगदान को याद किया।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद की महान विरासत देश में संकल्प, अनुशासन और उत्कृष्टता की भावना को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि भारत का तेजी से मजबूत होता खेल इकोसिस्टम हर स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने के संकल्प को दर्शाता है। भारतीय खिलाड़ी वैश्विक मंच पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
राधाकृष्णन ने लोगों से फिटनेस को बढ़ावा देने, खेलों में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और युवाओं को मेहनत व दृढ़ संकल्प के साथ उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि उनकी अद्भुत प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के लिए खेलने की भावना ने भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर गौरवपूर्ण पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि ‘हॉकी के जादूगर’ की विरासत आज भी देश के करोड़ों युवाओं को प्रेरणा देती है। मेजर ध्यानचंद ने यह साबित किया कि प्रतिभा को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के जरिए असाधारण उपलब्धियों में बदला जा सकता है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी असाधारण प्रतिभा के दम पर भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का खेल कौशल ऐसा था कि पूरी दुनिया उनकी हॉकी की कायल थी। देश के स्वतंत्रता से पहले के दौर में भी उन्होंने अपने खेल से भारत का गौरव बढ़ाया। शाह ने उनके अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भारतीय खेल जगत की अमूल्य विरासत बताया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पद्म भूषण से सम्मानित मेजर ध्यानचंद को विनम्र अभिवादन किया।
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की अद्वितीय कुशलता, समर्पण और हॉकी के प्रति उनका प्रेम कई पीढ़ियों के भारतीयों को प्रेरित करता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को सशक्त बनाने, युवा प्रतिभाओं को निखारने और खेल से जुड़ी आकांक्षाओं को राष्ट्रीय उपलब्धियों में बदलने के लिए एक मजबूत खेल इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की अद्भुत खेल प्रतिभा, अनुशासन और देशभक्ति ने भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और योगदान आने वाली पीढ़ियों को खेलों के प्रति समर्पण और उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी की विरासत को देश के खिलाड़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

