home page

ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में पनामा झंडे वाला मालवाहक जहाज डूबा, 24 क्रू मेंबर सवार थे

 | 
ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में पनामा झंडे वाला मालवाहक जहाज डूबा, 24 क्रू मेंबर सवार थे


ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में पनामा झंडे वाला मालवाहक जहाज डूबा, 24 क्रू मेंबर सवार थे


नई दिल्ली, 23 अगस्त (हि.स.)। ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 नॉटिकल मील (444 किलोमीटर) दूर बंगाल की खाड़ी में शनिवार को पनामा झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर डूब गया। जहाज पर 24 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 20 चीनी नागरिक, म्यांमार के तीन नागरिक और बांग्लादेश का एक नागरिक शामिल था। भारतीय तटरक्षक बल ने अब तक दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।

जहाज पारादीप पोर्ट से 1700 टन लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था। 20 अगस्त की रात जहाज रवाना हुआ था और समुद्र में आगे बढ़ते समय उसका संपर्क टूट गया। इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त खोज और बचाव अभियान शुरू किया। श्री विजयपुरम (पूर्व में पोर्ट ब्लेयर) से दो जहाज रवाना किए गए हैं। आसपास मौजूद अन्य जहाजों को भी अलर्ट किया गया है।

केंद्रीय पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने एक्स पर लिखा कि इस घटना से वे काफी चिंतित हैं। सभी एजेंसियां मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं। दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें चिकित्सकीय देखभाल दी जा रही है।

पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के डिप्टी कंजरवेटर कैप्टन अलेखा चरण साहू ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह जहाज पर सवार सभी लोगों की सलामती की उम्मीद कर रहे हैं। फिलहाल जहाज डूबने की वजह का पता नहीं चल सका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर