गौ माता को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग को लेकर मुस्लिम समाज की विशाल पदयात्रा
जयपुर, 31 मई (हि.स.)। गोमाता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने तथा गौ हत्या और गौ तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर रविवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने जयपुर में विशाल पदयात्रा निकाली। पार्षद अजहरुद्दीन, आफताब गोरान, जीशान पठान, पठान मस्जिद कुरैशी, अरशद खान, एहसान खान और अयूब खान के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में हजारों लोगों ने भाग लिया।
पदयात्रा के दौरान युवाओं ने “गोमाता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दो”, “गोहत्या बंद करो”, “गोतस्करी बंद करो” और “गोमाता के हत्यारों को फांसी दो” जैसे नारे लगाए। रैली में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग, युवा और गौभक्त शामिल हुए।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास भी पदयात्रा में शामिल हुए। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा और मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया।
खाचरियावास ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को आपस में लड़ाने और वोट मांगने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज के हजारों लोग आज गोरक्षा और गौ माता के सम्मान के लिए सड़कों पर उतरे हैं, जो समाज की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में गोरक्षा को लेकर गंभीर है तो उसे गौ माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने के बजाय सरकार को गौ संरक्षण और गोवंश संरक्षण के लिए प्रभावी निर्णय लेने चाहिए। पदयात्रा के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार से गौ हत्या एवं गौ तस्करी पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

