home page

गुजरात के भुज में खाना खा रहे मजदूरों को बेकाबू ट्रक ने मारी टक्कर, मप्र के चार लोगों की मौत

 | 
गुजरात के भुज में खाना खा रहे मजदूरों को बेकाबू ट्रक ने मारी टक्कर, मप्र के चार लोगों की मौत


- मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल, कई मजदूर घायल

झाबुआ, 24 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के भुज में मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के संदला गांव के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। हादसे में कई अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सभी मजदूर काम से लौटने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और उसकी चपेट में आए चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई।

मृतकों की पहचान दीवान पुत्र दलसिंह मखौड़िया, उनकी पत्नी अश्विना और दीवान के बड़े भाई अर्जुन मखौड़िया के दो बच्चों नवीना और दशरथ के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अश्विना गर्भवती थीं। हादसे में अन्य घायल मजदूरों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

रोजगार की तलाश में गए थे गुजरात

संदला गांव के कई परिवार कुछ दिन पहले ही मजदूरी करने गुजरात के भुज पहुंचे थे। वहां काम करके वे परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। हादसे के दिन भी मजदूर काम खत्म करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास छांव में बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और आसपास बैठे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

दीपावली पर भी घर नहीं लौट सके थे

परिजनों के अनुसार, रोजगार के कारण ये मजदूर दीपावली पर भी अपने गांव नहीं आ पाए थे। दीवान और अश्विना की तीन बेटियां हैं। इनमें से एक गांव में रहती थी, जबकि दो उनके साथ गुजरात गई थीं। हादसे की खबर मिलते ही संदला गांव में शोक छा गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शव लेने भुज रवाना हुए ग्रामीण

घटना की सूचना मिलने के बाद गांव के सरपंच, परिजन और अन्य ग्रामीण शव लेने के लिए भुज रवाना हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक जब्त कर लिया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने मृतक परिवार के लिए आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर