अल्बानिया में फंसी मध्य प्रदेश की इंटरनेशनल रेसलर प्रियांशी प्रजापति की सुरक्षित स्वदेश वापसी
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव का प्रियांशी के परिवार ने माना आभार
भोपाल, 05 मार्च (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयास से पश्चिम एशिया में युद्ध के बीच अल्बानिया के तिराना शहर में फंसी मप्र की बेटी रेसलर प्रियांशी प्रजापति की सुरक्षित स्वदेशी वापसी हो गई है । प्रियांशी वहां आयोजित वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप रैंकिंग सीरीज में हिस्सा लेने गई थी।
जनसंपर्क अधिकारी अशोक मनवानी ने गुरुवार को बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रियांशी के उज्जैन निवासी परिजन से भी बुधवार देर रात वीडियो कॉल से चर्चा की। प्रियांशी के पिता मुकेश प्रजापति ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
दरअसल, गत 24 फरवरी से 28 फरवरी तक अल्बानिया में हुई वर्ल्ड रेसलिंग प्रतियोगिता में प्रियांशी ने 26 फरवरी को मुकाबला जीता था। प्रियांशी ने कजाकिस्तान, अमेरिका और अल्बानिया की पहलवानों को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। पिछले वर्ष एशियन सीरीज में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रियांशी को उत्कृष्ट प्रदर्शन, रजत पदक जीतने के लिए बधाई भी दी है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मध्य-पूर्व एशिया में बढ़ते युद्ध तनाव के कारण प्रियांशी और उनके साथ गए सभी खिलाड़ी वहां फंस गए।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

