देश के प्रति समर्पण भाव से कार्य कर साकार करें विकसित भारत@2047 की परिकल्पना: नरेन्द्र सिंह तोमर
- भोपाल में हुआ मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों का सम्मेलन
भोपाल, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि विकसित भारत@2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए युवा विधायकों को समसामयिक परिस्थितियों में देश के प्रति समर्पण भाव से कार्य करना होगा। नेतृत्व विकास के लिए सकारात्मक सोच और अनुशासन से कार्य करना होगा।
विधान सभा अध्यक्ष तोमर मंगलवार को भोपाल स्थित मप्र विधानसभा में आयोजित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के दो दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन (राष्ट्रकुल संसदीय संघ भारत क्षेत्र जोन-6) के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवा विधायकों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विकसित भारत@2047 का विजन केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि युवा विधायक चुनौतियों का समाधान कर अपनी नेतृत्व क्षमता का नवाचार में उपयोग करें। युवा नेतृत्व समाज की सोच में परिवर्तन ला सकता है। सुशासन के क्षेत्र में प्रयास हों और विकास को जनआंदोलन बनाया जाये। लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों का जागरूक होना अनिवार्य है। तोमर ने बताया कि युवा विधायकों ने टेक्नोलॉजी, स्वच्छता, सोलर एनर्जी, शिक्षा गुणवत्ता, अधोसंरचना, जनसंवाद और जनकल्याण पर विचार व्यक्त किए हैं। उन्होंने युवा विधायकों को सीख दी कि अध्ययन का विशेष महत्व होता है और विद्यार्थी भाव सदैव बना रहना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि दो दिनों तक चले इस सम्मेलन में अलग-अलग विचारधाराओं के विधायकों ने अपनी सीमाओं से ऊपर उठकर विषय के अंतर्गत अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि पहले से यह तय किया गया था कि पहली घंटी आठ मिनट पर और दूसरी घंटी 10 मिनट पर बजेगी, और दूसरी घंटी बजते ही हर व्यक्ति को अपना वक्तव्य समाप्त करना होगा। उन्होंने संतोष जताया कि सभी सदस्यों ने इस अनुशासन का पालन किया और इसके लिए उन्होंने सभी विधायकों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों को अपने विचार रखने का अवसर मिलता है, तो वे स्वाभाविक रूप से समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हैं। यह उनका स्वभाव भी है। लेकिन इसके साथ ही सिर्फ समस्याएं उठाना ही नहीं, बल्कि “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प के साथ काम करना भी आवश्यक है और यह विचार विशेष रूप से युवा विधायकों से सामने आया। सम्मेलन में टेक्नोलॉजी के उपयोग, स्वच्छता कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने, सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने, शिक्षा के विस्तार के साथ उसकी गुणवत्ता सुधारने, तथा आधारभूत संरचना के विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि सभी की इच्छा होती है कि विकास हो, लेकिन सदस्यों ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि अधूरी संरचनाओं को पहले गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, जिससे जनसुविधाएं बेहतर हों और जनकल्याण बढ़े। साथ ही, जनता की सीधी भागीदारी से लोकतंत्र को और मजबूत बनाने पर भी बल दिया गया। सभी सदस्यों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए इस बात पर भी चिंता व्यक्त की कि अनुसंधान (रिसर्च) पर अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए चाहे वह सरकार के माध्यम से हो, विधानसभा के स्तर पर हो या फिर क्षेत्रीय विकास के लिए जनप्रतिनिधियों के माध्यम से। इसके अलावा, राज्य की वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाने, वित्तीय संस्थानों को सुदृढ़ करने, तथा देश की रक्षा व्यवस्था और सेवाओं को और सक्षम बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा में विशेष फोकस रहा।
कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसेासिएशन इंडिया रीजन के डॉ. राहुल कराड़ ने कहा कि हर विधानसभा में इस तरह के सम्मेलन किये जाना चाहिए। समाज का रूख बदलने में विधायकों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। विधायक अपने-अपने क्षेत्र के ब्रांड एम्बेसडर होते है। उन्होंने ट्रेनिंग और एजुकेशन के साथ एआई के महत्व को भी बताया।
सम्मेलन में विधानसभा के सात दशक पर केन्द्रित विधायिनी पत्रिका का विमोचन हुआ। सम्मेलन में विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय, संतोष वरवडे, रामसिया भारती, छत्तीसगढ़ से विद्यावती सिदार, राजस्थान से थावर चंद सहित अन्य विधायकों ने विचार व्यक्त किये। दो दिवसीय सम्मेलन में तीन राज्यों के लगभग 40 विधायकों ने सम्मेलन में दिए गए विषयों पर अपने वक्तव्य दिए।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा, महापौर मालती राय सहित अन्य पदाधिकारी एवं युवा विधायक मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में विधानसभा के सचिव अरविन्द शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

