मप्र में बढ़े 6.09 लाख मतदाता, मतदाता सूची के प्रारूप का हुआ प्रकाशन
- प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 हुई
- निर्वाचन सदन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न
भोपाल, 12 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गुरुवार को सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप फोटो निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया। इसके अनुसार प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में छह लाख 09 हजार से ज्यादा की वृद्धि हुई है।
मतदाता सूची प्रारूप के अनुसार, प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 हो गई है। एक अक्टूबर 2026 की स्थिति में यह संख्या 5 करोड़ 42 लाख 62 हजार 169 थी। यानी इस अवधि में मतदाताओं की संख्या में करीब 6.09 लाख की बढ़ोतरी हुई है। प्रारूप मतदाता सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों के साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की वेबसाइट ceoelection.mp.gov.in पर भी उपलब्ध है।
इस संबंध में राज्य एवं जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय बैठक में आम आदमी पार्टी से राघव पटेल, बहुजन समाज पार्टी से एडवोकेट सुधीर उबनारे, भारतीय जनता पार्टी से एस.एस. उप्पल तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जे.पी. धनोपिया एवं ललित सेन उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों को फोटो रहित निर्वाचक नामावली की सॉफ्ट कॉपी हार्ड डिस्क के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। साथ ही पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रदेश में अब 72 हजार 36 मतदान केंद्र
बैठक में बताया गया कि मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत प्रदेश में 127 नवीन मतदान केंद्र जोड़े गए हैं, जबकि 21 मतदान केंद्र विलोपित किए गए हैं। इस प्रकार अब प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 72 हजार 36 हो गई है।
12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां प्राप्त होंगी
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। दावे एवं आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर को विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। विशेष अभियान के लिए अवकाश के दिनों का चयन किया गया है ताकि नागरिकों को सुविधा रहे। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा कराएं नाम दर्ज
निर्वाचन विभाग द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने तथा पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई है। साथ ही ऐसे सभी युवा, जिनकी आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, उनसे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई है। इसके लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है। मतदाता वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं वोटर पोर्टल (https://voters.eci.gov.in) के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नाम जुड़वाने एवं ईपिक कार्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया निःशुल्क है। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

