राष्ट्रपति ने मप्र की दो विभूपियों को पद्मश्री सम्मान से किया अलंकृत, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
भोपाल, 25 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को नई दिल्ली में अन्य प्रदेशों की विभूतियों के साथ मध्य प्रदेश की दो विभूतियों - कैलाश चन्द्र पन्त और डॉ नारायण व्यास को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश की दोनों विभूतियों को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि प्रदेश की महान विभूतियों ने अपने उत्कृष्ट कार्यों, रचनात्मक लेखन और शोध कार्य के लिए दी गई दीर्घकालीन सेवाओं से मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है। दोनों विभूतियों कैलाश चंद्र पन्त और डॉ नारायण व्यास का योगदान समाज और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
भोपाल के वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार और सांस्कृतिक चिंतक कैलाश चन्द्र पन्त को शिक्षा और साहित्य तथा उज्जैन के डॉ. नारायण व्यास को पुरातत्व के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया गया। दोनों पद्म श्री अवार्डी भोपाल में निवास करते हैं।
इंदौर के महू में जन्मे और भोपाल को कर्मभूमि बनाने वाले कैलाश चंद्र पंत का जन्म 26 अप्रैल 1936 में हुआ वे मध्य प्रदेश के वरिष्ठतम पत्रकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपनी युवावस्था में सुधारवादी विचारधारा से प्रेरित होकर पत्रकारिता को जीवन का मिशन बनाया। सरकारी नौकरी के विकल्प को ठुकराकर उन्होंने 22 वर्षों तक हिंदी साप्ताहिक ‘जनधर्म’ का संपादन किया, जिसने आधुनिक हिंदी पत्रकारिता और बौद्धिक विमर्श को नई दिशा दी। उन्होंने साप्ताहिक पत्रिका 'जनधर्म' और 'हिंदी भवन' के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में जीवन लगाया है।
वहीं, उज्जैन निवासी डॉ व्यास भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के पूर्व अधिकारी हैं। उन्होंने भीमबेटका और सांची जैसे यूनेस्को धरोहरों के संरक्षण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने पुरातत्व को केवल किताबों तक सीमित न रखकर जन-सामान्य तक पहुंचाया। उन्हें मध्य भारत की रॉक पेंटिंग्स (शैलचित्रों) का विशेषज्ञ माना जाता है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण स्थलों की खुदाई और संरक्षण का कार्य किया और विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने 10 पुस्तकें लिखकर युवाओं को पुरातत्व के प्रति जागरूक किया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

