home page

एक्ट्रेट ट्विशा शर्मा की अस्थियां ऋषिकेश में गंगा जी में विसर्जित

 | 
एक्ट्रेट ट्विशा शर्मा की अस्थियां ऋषिकेश में गंगा जी में विसर्जित


भोपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई जांच में जुटी है। इधर शुक्रवार को ट्विशा की अस्थियां ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट गंगा नदी में विसर्जिंत कर दी गई।

ट्विशा शर्मा के परिजन शुक्रवार को ऋषिकेश पहुंचे। यहां त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी में उनकी अस्थियों का विसर्जन किया गया। इस दौरान परिवार ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक रस्में निभाईं।

इस दौरान ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने कहा कि ट्विशा का ऋषिकेश और मां गंगा से गहरा लगाव था। वह घंटों तक गंगा किनारे बैठी रहती थी। इस जगह का उसके जीवन में विशेष महत्व था, इसलिए उसकी भावनाओं का सम्मान करते हुए हमने यहीं अस्थि विसर्जन करने का निर्णय लिया।

ट्विशा की सास और पति पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर

इधर, एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में भोपाल में सीबीआई की टीम ने शुक्रवार को ट्विशा की सास सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश किया। केन्द्रीय जांच एजेंसी ने दोनों की 5-5 दिन की पुलिस रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। आरोपी पक्ष के वकील ने भी रिमांड का विरोध नहीं किया।

सीबीआई ने अदालत में पेश पीआर आदेश में कहा कि समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। एजेंसी के मुताबिक, दोनों के अलग-अलग बयानों में विरोधाभास सामने आया है। ऐसे में दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करना जरूरी है। सीबीआई ने यह भी कहा कि मामले से जुड़े अहम सबूत जुटाने के लिए दोनों आरोपियों की पुलिस रिमांड आवश्यक है।

बता दें कि समर्थ सिंह पहले से सात दिन की सीबीआई रिमांड पर था। शुक्रवार को रिमांड खत्म होने के बाद उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया था। दोपहर 12:34 बजे से 2:08 बजे तक दोनों आरोपी कोर्ट रूम में मौजूद रहे। इसके बाद सीबीआई टीम उन्हें अपने साथ लेकर रवाना हो गई।

सूत्रों के मुताबिक, रिमांड के दौरान सीबीआई गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी समर्थ से यह भी पूछेगी कि फरारी के दौरान वह कहां रहा और किन लोगों के संपर्क में था।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, जांच में अब ‘टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन’ तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत एजेंसी ट्विशा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार कर रही है। इसका मकसद घटना से पहले और बाद की हर गतिविधि को मिनट-दर-मिनट समझना है, ताकि मौत से जुड़ी परिस्थितियों की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई ने घर के भीतर ट्विशा के मूवमेंट का डिजिटल ट्रैक तैयार किया है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन डेटा, वाई-फाई लॉग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और कमरों की फॉरेंसिक मैपिंग को एक साथ जोड़ा जा रहा है। एजेंसी तीन मंजिला मकान के भीतर ट्विशा की आखिरी लोकेशन, आवाजाही और संपर्कों का क्रम तैयार कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर