मप्र के नर्मदापुरम में तेज रफ्तार बोलेरो पलटी, पांच लोगों की मौत
नर्मदापुरम, 15 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में मटकुली-पिपरिया मार्ग पर सोमवार शाम को तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में बोलेरो सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में पति-पत्नी और एक आठ साल बच्चा भी शामिल है।
पिपरिया थाना पुलिस के अनुसार, बोलेरो सवार लोग तामिया से होशंगाबाद जा रहे थे। मटकुली रोड पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व स्थित डोकरीखेड़ा गांव के समीप सामने से आ रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तीन बार पलटी खा गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पिपरिया थाना प्रभारी मदनलाल पवार ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नर्मदापुरम के बंजारा ड्रीम निवासी प्रदीप धुर्वे (48), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे, बेटा अक्षत धुर्वे (8), समनापुर निवासी पंचम ठाकुर (55) और झिरपा करेर निवासी कुलदीप ठाकुर (40) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि हादसे में समनापुर निवासी आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में मृत सभी लोगों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बोलेरो का अनियंत्रित होकर पलटना सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

