home page

मध्य प्रदेश तेजी से उभरता देश का दूसरा प्रदेशः मुख्य सचिव जैन

 | 
मध्य प्रदेश तेजी से उभरता देश का दूसरा प्रदेशः मुख्य सचिव जैन


- मुख्य सचिव जैन से भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों ने की भेंट

भोपाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। देश में मध्य प्रदेश तेजी से उभरता दूसरा राज्य है।

मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव जैन मंगलवार को भोपाल स्थित मंत्रालय में भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे थे। अधिकारियों का यह दल अध्ययन के लिए मध्य प्रदेश आया है। प्रशासन अकादमी के संचालक मुजीबुर्रहमान खान भी इस अवसर पर मौजूद थे।

मुख्य सचिव जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश में 24x7 उद्योगों के लिए बिजली उपलब्ध है और इस मामले में प्रदेश सर-प्लस इलेक्ट्रिीसिटी वाला है। उन्होंने बताया कि सिंचाई भी अब 55 लाख हैक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हो रही है, जो रिकार्ड है। उन्होंने कृषि उत्पादन में भी मध्य प्रदेश के दलहन-तिलहन उत्पादन आदि में अग्रणी होने की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने बताया कि मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में भी काफी बढ़ात्तरी हुई है।

मुख्य सचिव ने गत वर्ष उद्योग एवं निवेश तथा इस वर्ष को कृषि वर्ष मनाने की मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए मध्य प्रदेश में अधोसरंचना के विकास और आईटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में आ रहे निवेश की जानकारी दी। उन्होंने ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दौरान 18 नीतियों में हुए सकारात्मक बदलाव और उससे बदले औद्योगिक परिवेश की जानकारी दी।

मुख्य सचिव जैन ने प्रदेश के विभिन्न अंचलों की विविधता, वहां की बोली-खानपान आदि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के नेशनल पार्क हों, विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों आदि के विकास से अब करोड़ो पर्यटक यहां आते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश की समृद्ध परम्परागत कला, हस्तकला आदि की भी चर्चा की। मुख्य सचिव जैन से भेंट करने वालों में टोक्यो की भारत एबेंसी से उदिता गौरव, सिंगापुर हाई कमीशन में पदस्थ अनिकेत चंद्रहास पाटकर, काउंसलेट जनरल ऑफ इंडिया न्यून्यार्क से श्रुति पांडे और एस.एस आई एफ से ऋृषभ चौधरी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर