मप्र के शिवपुरी को मिली आधुनिक रेल सुविधा से कनेक्टिविटी, व्यापार और पर्यटन को मिलेगी नई गति: सिंधिया
- केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शिवपुरी अमृत भारत रेलवे स्टेशन और निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज का किया निरीक्षण
शिवपुरी, 01 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हाल ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोकार्पित शिवपुरी का आधुनिक अमृत भारत रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को नई गति दे रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन शिवपुरी के नागरिकों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर रेल यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को नवनिर्मित शिवपुरी अमृत भारत रेलवे स्टेशन का दौरा करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने शिवपुरी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
केन्द्रीय मंत्री ने निर्माणाधीन पोहरी रेलवे ओवर ब्रिज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह ब्रिज क्षेत्र में आवागमन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर करेगा। उन्होंने कहा कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन और रेलवे ओवर ब्रिज जैसी परियोजनाएं शिवपुरी के व्यापार, पर्यटन और आवागमन को मजबूती देने के साथ क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक देवेन्द्र जैन, कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सिंधिया ने शिवपुरी को दी 17.50 करोड़ से अधिक की विकास सौगातें
केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को शिवपुरी प्रवास के दौरान क्षेत्र को 17.50 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने अनुसूचित जाति के 50-सीटर प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास, तानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिंहनिवास विद्युत उपकेन्द्र और ठर्रा उपतहसील का लोकार्पण किया। साथ ही नगर पालिका की विभिन्न सड़कों तथा सिंहनिवास में सरकारी मिडिल स्कूल भवन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
उन्होंने 4.99 करोड़ की लागत से निर्मित अनुसूचित जाति के 50-सीटर प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर मानते थे कि शिक्षा सामाजिक सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है। इसी भावना के साथ यह छात्रावास बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुविधाओं और व्यक्तित्व विकास का वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे वे अपने सपनों को नई उड़ान दे सकेंगे।
इसके बाद सिंधिया ने तानपुर में 2.95 करोड़ की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और सिंहनिवास में 2.77 करोड़ की लागत से निर्मित विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा अधिक सुदृढ़ और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
उन्होंने नगर पालिका की विभिन्न सड़कों के पांच करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही सिंहनिवास में 51 लाख की लागत से बनने वाले सरकारी मिडिल स्कूल भवन तथा ठर्रा में ₹1.24 करोड़ की लागत से निर्मित उपतहसील का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि शिवपुरी में शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और प्रशासनिक सुविधाओं तक विकास का लाभ हर परिवार तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शिवपुरी सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है।
कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव और नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव, जनपद पंचायत शिवपुरी अध्यक्ष हेमलता रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण,विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली छात्र छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

