केंद्रीय मंत्री सिंधिया रविवार को मप्र के शिवपुरी को देंगे 2500 करोड़ निवेश की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की सौगात
भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 5 जुलाई को मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर को 2500 करोड़ रुपये के निवेश की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की सौगात देंगे।
यह जानकारी शुक्रवार को मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के दौरान दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का 5 जुलाई को शिवपुरी भ्रमण प्रस्तावित है। शिवपुरी शहर के पोलो ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ यादव शिवपुरी में 2500 करोड़ के निवेश की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास करेंगे। साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
बैठक में ऊर्जा मंत्री तोमर ने कार्यक्रम की तैयारियों को समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के साथ कार्यक्रम की तैयारी को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, यातायात, पार्किंग, मंच व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री तोमर ने अन्य संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में जनसमूह के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए सुगम यातायात, पर्याप्त पेयजल सुविधा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही और आमजन रहेंगे। यह भी ध्यान रहे कि लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में समस्या न आए।
प्रभारी मंत्री तोमर ने पार्किंग व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुदृढ़ रहे।यातयात, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया से विस्तृत चर्चा की और प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी प्रबंध सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। यातायात प्रभारी ने रूट चार्ट और पार्किंग को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री तोमर ने बताया कि शिवपुरी में अडानी समूह ने करोड़ों का निवेश किया है। इस डिफेंस यूनिट के आने से न सिर्फ क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, बल्कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के अभियान को भी एक नई मजबूती मिलेगी।
बैठक में विधायक देवेंद्र जैन व महेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु परस्पर समन्वय स्थापित कर कार्य करना सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

