home page

सिंधिया का कॉकरोच जनता पार्टी पर तंज, बोले-ट्रेंड से नहीं, जनता के बीच काम करने से चलती है राजनीति

 | 
सिंधिया का कॉकरोच जनता पार्टी पर तंज, बोले-ट्रेंड से नहीं, जनता के बीच काम करने से चलती है राजनीति


सिंधिया का कॉकरोच जनता पार्टी पर तंज, बोले-ट्रेंड से नहीं, जनता के बीच काम करने से चलती है राजनीति


शिवपुरी, 23 मई (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राजनीति ट्रेंड से नहीं, बल्कि जनता के बीच काम करने से चलती है।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित भाजपा के 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' में शामिल होने के पहुंचे थे। यहां उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर पूछे गए सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश की जनता पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ खड़ी है और 'विकसित भारत 2047' के सपने को साकार करने में जुटी है। उन्होंने माना कि एक टिप्पणी के बाद 'कॉकरोच जनता पार्टी' का मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा में जरूर आया, लेकिन भाजपा का मुख्य ध्यान सिर्फ देश के विकास और जनता की सेवा पर केंद्रित है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर रोज नए-नए मुद्दे सामने आते रहते हैं, लेकिन वास्तविक राजनीति जनता के बीच रहकर काम करने से ही होती है और भाजपा देश को आगे बढ़ाने के कार्य में निरंतर लगी हुई है।

भाजपा का एक-एक योद्धा, राष्ट्र प्रगति के संकल्प के लिए न रुकेगा, न झुकेगाः सिंधिया

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शनिवार को शिवपुरी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए विकसित भारत 2047 के संकल्प, अंत्योदय की भावना और संगठन की वैचारिक शक्ति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक-एक योद्धा राष्ट्र प्रगति के संकल्प के लिए न रुकेगा, न झुकेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वे भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ कार्य करें।

सिंधिया ने कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी रुकनी नहीं चाहिए, क्योंकि निरंतर सीखने वाला कार्यकर्ता ही जनसेवा को नई दिशा देता है। यही संदेश देते हुए, आज गुना में जिला स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान’ में हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया। माँ भारती की सेवा, अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी तपस्या, समर्पण और कर्मनिष्ठा से अमूल्य योगदान दे रहा है। आप जैसे समर्पित सभी कर्मयोगी साथियों पर मुझे गर्व है।

ट्रेंड या फॉलोअर्स की संख्या से नहीं चलती राजनीतिः खंडेलवाल

वहीं, सिंधिया के साथ शिवपुरी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' के बढ़ते फॉलोअर्स को लेकर कहा कि सोशल मीडिया और जमीनी राजनीति में बहुत बड़ा अंतर होता है। उन्होंने कहा कि कई बार कोई बात तेजी से वायरल हो जाती है और कुछ दिनों तक चर्चा में बनी रहती है, लेकिन उसका प्रभाव लंबे समय तक नहीं टिकता। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राजनीति केवल इंटरनेट के ट्रेंड या फॉलोअर्स की संख्या से नहीं चलती है।

खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस या कोई भी अन्य दल हो, वे अपनी विचारधारा और संगठन के दम पर कई वर्षों से जनता के बीच सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। केवल वही पार्टी या विचारधारा लंबे समय तक टिक पाती है, जो जनता के बीच रहकर काम करती है। ऐसे में 'कॉकरोच जनता पार्टी' की तुलना स्थापित राजनीतिक दलों से करना बिल्कुल भी उचित नहीं है। हालांकि, जब उनसे 'कॉकरोच जनता पार्टी' के एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर प्रतिबंध लगने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से परहेज किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर