home page

राष्ट्रपति से मिलीं केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, धार में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के लिए किया आमंत्रित

 | 
राष्ट्रपति से मिलीं केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, धार में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के लिए किया आमंत्रित


राष्ट्रपति से मिलीं केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, धार में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के लिए किया आमंत्रित


राष्ट्रपति से मिलीं केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, धार में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन के लिए किया आमंत्रित


भोपाल, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार से सांसद और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रपति को अक्टूबर माह में धार में प्रस्तावित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने सोशल मीडिया एक्स पर उक्त जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें संसदीय क्षेत्र धार में आगामी अक्टूबर माह में प्रस्तावित वीरांगना महारानी रानी दुर्गावती के जन्मोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने हेतु सादर आमंत्रित किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति से रानी दुर्गावती के अद्वितीय शौर्य, राष्ट्रभक्ति, महिला सशक्तिकरण तथा जनकल्याण के प्रेरणादायी जीवन पर सार्थक चर्चा हुई।

केन्द्रीय राज्य मंत्री ने राष्ट्रपति को प्रस्तावित आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं, युवा उद्यमी, नवाचार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला प्रतिनिधि तथा समाज सेवा और महिला नेतृत्व में योगदान देने वाली महिलाएं भाग लेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। इन योजनाओं से महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और नेतृत्व क्षमता को नई मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सम्मेलन का उद्देश्य इन प्रयासों को व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचाना और महिलाओं को प्रेरित करना है।

केन्द्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि उनके सान्निध्य से यह आयोजन ऐतिहासिक बनेगा। विशेष रूप से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की महिलाओं को इससे नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संघर्षपूर्ण जीवन और देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर