राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 से 22 जून तक मध्य प्रदेश के प्रवास पर, कूनो नेशनल पार्क का करेंगी भ्रमण
- मुख्य सचिव ने वीसी के माध्यम से कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
श्योपुर, 11 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगामी 20 से 22 जून तक मध्य प्रदेश का दौरान प्रस्तावितत है। इस दौरान वे जबलपुर और ग्वालियर के साथ श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क का भी भ्रमण करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कूनो आगमन को लेकर वीसी के माध्यम से तैयारियों तथा कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था कें संबंध में समीक्षा की तथा प्रोटोकॉल अनुसार विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस दौरान एनआईसी कक्ष श्योपुर में कलेक्टर शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, कूनो के डीएफओ आर थिरूकुराल, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ गगन सिंह मीणा, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा बैतूल, खण्डवा, इंदौर, ग्वालियर के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक आदि अधिकारी भी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल रहें।
मुख्य सचिव जैन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में अधिकारियों को प्रोटोकॉल अनुरूप सभी प्रकार की तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्य प्रदेश में ओंकारेश्वर मंदिर, जबलपुर, ग्वालियर एवं कूनो नेशनल पार्क श्योपुर के भ्रमण पर रहेंगी। श्योपुर जिले में दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 21 जून को अपरान्ह 03 बजे के लगभग श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क पहुंचेगी तथा रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति 22 जून को प्रातः 10 बजे कूनो नेशनल पार्क से प्रस्थान करेंगी।
इधर, राष्ट्रपति के आगमन और रात्रि विश्राम कार्यक्रम के मद्देनजर गुरुवार को कूनो नेशनल पार्क में संभागायुक्त सुरेश कुमार ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक के बाद कलेक्टर शीला दाहिमा और पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने कूनो नेशनल पार्क का जमीनी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल का जायजा लेते हुए अफसरों को प्रोटोकॉल के तहत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सुरक्षा चेकिंग पॉइंट्स, स्वास्थ्य सुविधाओं और संचार व्यवस्थाओं को भी परखा गया। अधिकारियों को राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के मुताबिक सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 से 22 जून तक मध्य प्रदेश के प्रवास पर, कूनो नेशनल पार्क का करेंगी भ्रमण
जबलपुर में राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न
इधर, जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के अवसर पर राष्ट्रपति के जबलपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति के दौर से जुड़े सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी दी। कलेक्टर और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले ही सुनिश्चित कर ली जाएं।
बैठक में राष्ट्रपति के जबलपुर आगमन से लेकर उनके प्रस्थान तक के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई, ताकि कार्यक्रम का संचालन पूरी तरह निर्बाध और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रपति 20 जून को शाम 6.10 बजे कलाईकुंडा एयरपोर्ट पश्चिम बंगाल से भारतीय वायु सेना के विमान से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी तथा यहां रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सुबह 7.20 बजे गैरीसन ग्राउंड में आयोजित सामूहिक योग के कार्यक्रम में शामिल होंगी तथा सुबह 11.40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी। राष्ट्रपति रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद दोपहर 12.50 बजे जबलपुर एयरपोर्ट रवाना होंगी तथा एयरपोर्ट से दोपहर 1.20 बजे भारतीय वायु सेना के विमान द्वारा ग्वालियर प्रस्थान करेंगी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

