home page

मप्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 दिन में 30 करोड़ से अधिक के 11,669 किलो गांजे के पौधे जब्त

 | 
मप्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 दिन में 30 करोड़ से अधिक के 11,669 किलो गांजे के पौधे जब्त


मप्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 दिन में 30 करोड़ से अधिक के 11,669 किलो गांजे के पौधे जब्त


- ड्रोन सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और सघन सर्चिंग के जरिए दुर्गम क्षेत्रों में पहुंची पुलिस

भोपाल, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने विगत तीन दिनों में धार, खरगोन, बड़वानी एवं खंडवा जिलों में व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 11,669 किलोग्राम (लगभग 116.69 क्विंटल) गांजे के पौधे जब्त एवं चिह्नित किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 30 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को मामले जानकारी दी। बताया गया कि पुलिस द्वारा कार्रवाई के दौरान ड्रोन सर्विलांस, मुखबिर तंत्र, आधुनिक तकनीक एवं सघन सर्चिंग का उपयोग किया गया। कई स्थानों पर कपास एवं तुअर जैसी अन्य फसलों के बीच छिपाकर गांजे की अवैध खेती की जा रही थी। वहीं नदी, पहाड़ी, जंगल एवं नो-मोबाइल नेटवर्क वाले दुर्गम क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने पहुंचकर अवैध खेती का खुलासा किया।

धार में ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत 8,577.01 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त एवं चिह्नित

धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के अनुसार, जिले में ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत अवैध गांजे की खेती के विरुद्ध कार्रवाई की गई। थाना मनावर क्षेत्र ड्रोन सर्विलांस एवं सर्चिंग के माध्यम से लगभग 6,700 किलोग्राम गांजे के पौधे चिह्नित किए गए जिनकी अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपये है। मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। वहीं, थाना बाग की चौकी डेहरी क्षेत्र 406.23 किलोग्राम गांजे के पौधे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 60 लाख 93 हजार रुपये है।

इसी तरह थाना धरमपुरी क्षेत्र ग्राम सुराणी एवं सोलियापुरा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कपास एवं तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए 225 हरे गांजे के पौधे, कुल वजन 389.29 किलोग्राम जब्त किए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत 46 लाख 71 हजार 480 रुपये है, जबकि थाना गंधवानी क्षेत्र में 371.25 किलोग्राम गांजे के पौधे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 44 लाख 55 हजार रुपये है।

इसके अलावा मांडू थाना मांडव क्षेत्र से 265 किलोग्राम गांजे के पौधे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 39 लाख 75 हजार रुपये है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, थाना बदनावर क्षेत्र के ग्राम तिलगरीपाड़ा बोरदी में कपास एवं तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 177 हरे पौधे, वजन 228.60 किलोग्राम, अनुमानित कीमत 22 लाख 86 हजार रुपये जब्त किए गए। एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

थाना डही क्षेत्र के ग्राम टेमरिया में कपास की फसल के बीच नाले किनारे खेत में उगाए गए गांजे के 59 हरे पौधे, वजन 138.49 किलोग्राम, अनुमानित कीमत 20 लाख 70 हजार रुपये जब्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

थाना कुक्षी क्षेत्र के ग्राम निंबोल चौकी निसरपुर में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कपास एवं तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए 120 हरे गांजे के पौधे, वजन 78.15 किलोग्राम जब्त किए। इनकी अनुमानित कीमत 11 लाख 72 हजार 250 रुपये है। इस तरह धार जिले में इन कार्रवाइयों के तहत कुल 8577.01 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त एवं चिह्नित किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 27 करोड़ 47 लाख रुपये से अधिक है।

खरगोन-पांच थाना क्षेत्रों में कार्रवाई, 2,367.85 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त

खरगोन के पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के अनुसार, जिले में थाना चैनपुर की चौकी हेलापडावा क्षेत्र के ग्राम हरणकुण्डिया एवं हरणमाल में ड्रोन की मदद से खेतों की सर्चिंग कर अवैध खेती का पता लगाया गया। दुर्गम एवं नो-मोबाइल नेटवर्क क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने पहुंचकर कुल 459.60 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए। वहीं थाना महेश्वर, गोगावां, बलकवाडा एवं बिस्टान क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए क्रमशः 444.60 किलोग्राम, 92.40 किलोग्राम, 102.250 किलोग्राम एवं 1,269 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए गए। इस प्रकार खरगोन जिले में 2,367.85 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 91 लाख 25 हजार रुपये है।

बड़वानी- ऑपरेशन ‘ग्रीन स्ट्राइक’, 428.840 किलोग्राम गांजा जब्त

बड़वानी पुलिस द्वारा ऑपरेशन ‘ग्रीन स्ट्राइक’ के तहत अवैध गांजे की खेती के विरुद्ध कार्रवाई कर थाना वरला के ग्राम बोरपडवा में 1,716 पौधे, वजन 419 किलोग्राम तथा थाना सिलावद के ग्राम काजलमाता में 37 पौधे, वजन 9.840 किलोग्राम जब्त किए गए। दोनों कार्रवाइयों में कुल 1,753 पौधे एवं 428.840 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 41 लाख 98 हजार रुपये है।

खंडवा- थाना जावर क्षेत्र में 295.700 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त

खंडवा पुलिस ने थाना जावर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के कुल 221 पौधे, वजन 295.700 किलोग्राम जब्त किए । इनकी अनुमानित कीमत 29 लाख 57 हजार रुपये है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मध्य प्रदेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने आसपास मादक पदार्थों की अवैध खेती, बिक्री अथवा तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर