home page

राष्ट्रीय एकता दिवस एवं नशामुक्ति का संदेश लेकर मध्य प्रदेश से रवाना हुआ सात सदस्यीय बाइक दल

 | 
राष्ट्रीय एकता दिवस एवं नशामुक्ति का संदेश लेकर मध्य प्रदेश से रवाना हुआ सात सदस्यीय बाइक दल


-13 राज्यों के 139 पुलिस राइडर्स लगभग 2,500 किलोमीटर की यात्रा कर पहुंचे भोपाल

भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सहभागिता तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस का सात सदस्यीय बाइक राइडर्स दल गुरुवार को भोपाल से रवाना हुआ।

मप्र के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के समन्वय में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी बाइक रैली में जोन-2 सेंट्रल के अंतर्गत 13 राज्यों-बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तथा जोन-4 नॉर्थ ईस्ट के अंतर्गत त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम एवं सिक्किम के 139 प्रतिभागी शामिल हैं।

ये बाइक राइडर्स लगभग 2,500 किलोमीटर की यात्रा कर भोपाल पहुंचे हैं। मध्य प्रदेश सहित कुल 14 राज्यों के 146 राइडर्स का यह दल निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते हुए 26 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगा और 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित मुख्य राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं परेड में सहभागिता करेगा। रैली का प्रमुख संदेश ‘फाइट अगेन्स्ट ड्रग्स’ है। प्रतिभागी अपने निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए विभिन्न शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों, विशेषकर युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।

फ्लैग-ऑफ समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि यह मोटरसाइकिल रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, साहस और नशे के विरुद्ध जनजागरण का राष्ट्रव्यापी संदेश है। मध्यप्रदेश की धरती से विभिन्न राज्यों की पुलिस के अधिकारी एवं जवान एक साझा उद्देश्य के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं, यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

मकवाणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में दिसंबर 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में पुलिस बलों के साथ समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाइक रैली इस अभियान को और व्यापक जनसमर्थन प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता का उल्लेख होते ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण होता है। स्वतंत्रता के बाद अनेक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। उनका जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सामूहिक प्रयासों की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती 31 अक्टूबर को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।

उन्होंने कहा कि एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश का हॉक फोर्स कंटिंजेंट और मध्यप्रदेश पुलिस बैंड भी गुजरात में आयोजित परेड में सहभागिता करेंगे। बाइक रैली के प्रतिभागी भी वहां पहुंचकर इस गरिमामयी आयोजन का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का अवैध कारोबार समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चुनौती है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बाइक रैली जब विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, तब इसके माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ संदेश के साथ मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और इस दिशा में निरंतर प्रयास की आवश्यकता है।

पुलिस महानिदेशक ने रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों को यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने, हेलमेट का उपयोग करने, पर्याप्त विश्राम लेने तथा अत्यधिक थकान की स्थिति में यात्रा जारी न रखने की अपील की। उन्होंने सभी राइडर्स को सुरक्षित यात्रा और राष्ट्रीय एकता दिवस के गरिमामयी आयोजन में सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं वाहिनियों से चयनित 7 सदस्यीय दल का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक धनंजय शर्मा कर रहे हैं। दल में सहायक उप निरीक्षक प्रभांशु सिंह, आरक्षक अरविंद जाटव, शोभित परतेती, हेमंत कुमार परमार, दुर्गेश कुमार एवं गोविंद कटारे शामिल हैं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसएएफ) डी श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड, भोपाल से विभिन्न राज्यों के पुलिस राइडर्स का यह प्रस्थान मध्य प्रदेश के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह रैली देश की एकता एवं अखंडता के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी व्यक्त करती है। वर्मा ने कहा कि विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों के जांबाज राइडर्स ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।

विभिन्न राज्यों के टीम कैप्टन भी रैली का हिस्सा

रैली में विभिन्न राज्यों के टीम कैप्टन के रूप में ओडिशा से निरीक्षक समर सिंह, छत्तीसगढ़ से प्रधान आरक्षक रविंद्र कुमार, पश्चिम बंगाल से उप निरीक्षक संजीव रॉय, मध्य प्रदेश से रक्षित निरीक्षक धनंजय शर्मा, बिहार से डीएसपी मेराज हुसैन, झारखंड से डीएसपी शंकर कामती, त्रिपुरा से डीएसपी सुदर्शन दास, मिजोरम से डीएसपी जेरेमिया, मेघालय से उप निरीक्षक सागर, मणिपुर से निरीक्षक अल्बर्ट, नागालैंड से उप निरीक्षक सीएचसू, अरुणाचल प्रदेश से अजीत यादव, असम से निरीक्षक नीरज तथा सिक्किम से एएसआई अनिल शेरपा सहभागिता कर रहे हैं। कार्यक्रम में डीजीपी मकवाणा ने सभी कप्तानों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में सातवीं वाहिनी के कमांडेंट हितेश चौधरी ने आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर