मप्र के मंदसौर में खड़े ट्रक से टकराई बेकाबू कार, खाटू श्याम दर्शन करने जा रहे 3 युवकों की मौत
मंदसौर, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हाे गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले थे।
गरोठ थाना पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजे गरोठ एंट्री गेट के पास के पास हुआ। गुरुग्राम (हरियाणा) से कुछ युवक कार से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गुरुग्राम (हरियाणा) के सिकंदरपुर निवासी अरविंद अहीर (39), नाथूपुर (गुरुग्राम) निवासी बिन्दर अहीर (33) और अलवर, राजस्थान के बहरोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम पहेल निवासी कैलाश चंद्र गुर्जर (34) के रूप में हुई है। वहीं, गुरुग्राम (हरियाणा) के जितेंद्र अहीर (40) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है। परिजनों के गरोठ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कर शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे।
अस्पताल में भर्ती घायल जितेंद्र ने बताया कि हादसे के वक्त तेज बारिश हो रही थी और चारों तरफ अंधेरा था। एक्सप्रेस वे पर एक ट्रक बिना किसी इंडिकेटर या लाइट के खड़ा था। कम दृश्यता के कारण कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

