मप्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 20 क्विंटल 30 किलो गांजा जब्त
- लगभग 4 करोड़ 61 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
भोपाल, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में प्रदेश में संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” में रीवा जिले की मनगवां थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर परिवहन किए जा रहे 20 क्विंटल 30 किलोग्राम अवैध गांजे की खेप जब्त की है। मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लगभग 4 करोड़ 61 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा शुक्रवार को जानकारी दी गई कि यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान तथा पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी मनगवां निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा की गई।
बताया गया कि मनगवां पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनगवां बाईपास स्थित ग्राम आंबी ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें मक्के की बोरियों के बीच छिपाकर रखा हुआ लगभग 20 क्विंटल 30 किलोग्राम अवैध गांजा प्राप्त हुआ। पुलिस ने मौके से गांजा एवं ट्रक सहित लगभग 4 करोड़ 61 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी इस खेप को इलाहाबाद की ओर ले जाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपियों से गांजे की खेप के स्रोत, गंतव्य तथा इस अवैध तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

