मप्र के मैहर में कुएं में गिरे बैल को बचाने के लिए उतरे तीन लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर
- जहरीली गैस की चपेट में आने की आशंका, कुएं में उतरने के बाद चारों हो गए थे बेहोश
मैहर, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत खरामसेड़ा गांव के अहिरान टोला में शुक्रवार की रात एक कुएं में गिरे बैल को बाहर निकालने के लिए उतरे चार लोगों में तीन की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में सतना के जिला अस्पताल रैफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खरामसेड़ा गांव स्थित अहिरान टोला में शुक्रवार की रात एक बैल कुएं में गिर गया था। उसे बाहर निकालने के प्रयास में चार ग्रामीण एक-एक कुएं में उतरे, लेकिन चारों कुएं के अंदर ही बेहोश हो गए। ग्रामीणों ने सूझबूझ से बचाव अभियान चलाकर चारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। आशंका जताई जा रही है कि कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने की वजह से यह हादसा हुआ है।
अमरपाटन थाना प्रभारी एसआई कैसरी प्रसाद ने बताया कि गांव के एक कुशवाहा परिवार के कुएं में शुक्रवार को एक बैल गिर गया था। बैल को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रात करीब 8:30 बजे गांव के दो युवक रस्सी के सहारे 35 फीट गहरे कुएं में उतरे। कुछ ही देर बाद दोनों की आवाज आना बंद हो गई। उन्हें अचेत होता देख, बचाने के लिए दो अन्य ग्रामीण भी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के कुएं में उतर गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं हुई, तो कुएं के बाहर खड़े ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका में रस्सियों और कांटों की मदद से चारों को बाहर निकाला और डायल-112 पुलिस को सूचना दी।
एसआई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और चारों ग्रामीणों को तत्काल अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन ग्रामीणों को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों में राहुल यादव (उम्र 48 वर्ष) पुत्र मोतीलाल, वीरेंद्र यादव (उम्र 42 वर्ष) पुत्र जगदीश प्रसाद और कृष्णकुमार यादव (उम्र 20 वर्ष) पुत्र रामदास शामिल है, जबकि रामचंद्र यादव (उम्र 42 वर्ष) पुत्र भानु प्रसाद को गंभीर हालत में सतना रैफर किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
अमरपाटन अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि कुएं के भीतर घुटनों तक पानी था और दम घुटने या जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, एसडीओपी ख्याति मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

