home page

मप्र के महेश्वर में निमाड़ उत्सव का भव्य शुभारंभ, नर्मदा आरती और निमाड़ी गीतों से गूंजा ऐतिहासिक नगर

 | 
मप्र के महेश्वर में निमाड़ उत्सव का भव्य शुभारंभ, नर्मदा आरती और निमाड़ी गीतों से गूंजा ऐतिहासिक नगर


मप्र के महेश्वर में निमाड़ उत्सव का भव्य शुभारंभ, नर्मदा आरती और निमाड़ी गीतों से गूंजा ऐतिहासिक नगर


खरगोन, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की ऐतिहासिक नगरी महेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार शाम को निमाड़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को मंच देने वाले निमाड़ उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ।

जिला प्रशासन और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्सव के शुभारंभ अवसर पर जिला कलेक्टर गुरु प्रसाद, विधायक राजकुमार मेव, मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल, मंडलेश्वर एसडीएम पूर्वा मंडलोई, तहसीलदार कैलाश सस्तिया सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शाम 7 बजे से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना दिया।

उत्सव के पहले दिन कार्यक्रमों की शुरुआत मां नर्मदा की आरती से हुई। विकास शुक्ला एवं साथी, हरदा ने नर्मदा आरती की प्रस्तुति दी। इसके बाद निमाड़ी गायन में पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं साथी, भोपाल और भजन संध्या में संध्या हैतराज रघुवंशी एवं साथी, चंडीगढ़ ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर किया।

महेश्वर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को दर्शाती अहिल्या किले की विद्युत सज्जा भी आकर्षण का केंद्र रही। किले की रोशनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच नगर की ऐतिहासिक विरासत और लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।

उत्सव के तहत आयोजित पारंपरिक नौका सजा प्रतियोगिता और रंगोली आयोजन ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नर्मदा तट पर सजी नौकाओं और रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति प्रदर्शित की। ऐतिहासिक धरोहर, नर्मदा तट और लोक परंपराओं को एक मंच पर समेटने वाले निमाड़ उत्सव ने पहले दिन ही उत्सवी माहौल बना दिया।

25 नवंबर को होंगे सांस्कृतिक आयोजन

निमाड़ उत्सव के दूसरे दिन बुधवार को शाम 7 बजे निर्देशक चंद्रमाधव बारिक, भोपाल के निर्देशन में 'खेती खेड़ो हरिनाम की' नृत्य-नाट्य प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही निमाड़ी कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें हरीश दुबे महेश्वर, डॉ. शैलेल्द बोकाड़े सनावद, जीवनलता शर्मा बड़वानी, राजेश प्रजापत खरगोन, मनीष पाटीदार इटावदी, कृष्णपाल सिंह राजपूत बीकनगांव, पारस बिरला बड़ूद, गौतम रावत कसरावद, राजेश वर्मा करही और छेगालाल कुमारावत खरगोन अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

महेश्वर की आध्यात्मिक विरासत पर मुग्ध हुए शंकराचार्य, बोले- यह नगरी मप्र की सबसे दिव्य

इधर, मंगलवार को श्री शृंगेरी शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य श्री श्री विदुशेखर भारती महाराज मंगलवार को महेश्वर पहुंचे। वे यहां की आध्यात्मिक विरासत और प्राचीन धार्मिक परंपराओं से अभिभूत नजर आए। नगर के विभिन्न मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के बाद उन्होंने महेश्वर को मध्य प्रदेश की सबसे दिव्य भूमि बताया। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के तट पर बसा यह नगर सनातन धर्म, शास्त्रीय ज्ञान और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है।

प्राचीन मंदिरों और अहिल्याबाई की राजगद्दी के किए दर्शन

नगर आगमन के बाद शंकराचार्य ने जलेश्वर मंदिर में दर्शन किए और वहां शास्त्रार्थ स्थल पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने जगन्नाथ धाम, रामेश्वर धाम, भगवान परशुराम मंदिर और महान विद्वान मंडन मिश्र के निवास स्थान पर पहुंचकर दर्शन किए।

उन्होंने काशी विश्वनाथ और राजराजेश्वर मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की राजगद्दी पहुंचे। यहां उन्होंने देवी अहिल्याबाई द्वारा देशभर में शिवालयों के जीर्णोद्धार और धार्मिक कार्यों से संबंधित प्रदर्शनी देखी। इस दौरान पार्थिव शिवलिंग पूजन और देव पूजा भी संपन्न हुई। शारदा सदन ग्रंथालय में समिति की ओर से उनका अभिनंदन किया गया।

धर्मसभा में बताया महेश्वर का आध्यात्मिक महत्व

सामने घाट स्थित नर्मदा मंदिर में आयोजित धर्मसभा में शंकराचार्य ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिए। उन्होंने कहा कि महेश्वर ऐसा पवित्र क्षेत्र है, जहां सनातन धर्म के प्रत्येक अनुयायी को जीवन में एक बार अवश्य दर्शन करना चाहिए। मां नर्मदा की महिमा का उल्लेख करते हुए उन्होंने महेश्वर को प्राचीन मंदिरों और आध्यात्मिक परंपराओं से समृद्ध बताया।

उन्होंने मंडन मिश्र की इस भूमि का उल्लेख करते हुए आदि शंकराचार्य और मंडन मिश्र के बीच हुए ऐतिहासिक शास्त्रार्थ प्रसंग को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महेश्वर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय सनातन परंपरा, शास्त्रीय विद्वत्ता और धर्म के पुनर्जागरण से जुड़ी महत्वपूर्ण भूमि है।

धर्मसभा के बाद शंकराचार्य ने मां नर्मदा की आरती में सहभागिता की। रात्रि में वे सप्तमातृका आश्रम पहुंचे, जहां चंद्रमौलेश्वर का पूजन किया। उनका धार्मिक प्रवास अगले दिन भी जारी रहेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम में कालेश्वर मंदिर, नगर की गौशाला और देवगढ़-चोली सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर