home page

मप्र के उज्जैन में महामंडलेश्वर सुमनानंद को मिली जान से मारने की धमकी

 | 
मप्र के उज्जैन में महामंडलेश्वर सुमनानंद को मिली जान से मारने की धमकी


उज्जैन, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मंगलनाथ रोड स्थित गंगाघाट श्री मौन तीर्थ पीठ के पीठाधीश्वर और निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी एक पत्र के जरिए दी गई है। इसमें उदयपुर के टेलर और दिल्ली में हाल ही में ईद के मौके पर युवक की हुई हत्या जैसा हश्र करने की धमकी दी गई है।

महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज ने बताया कि गंगाघाट श्री मौन तीर्थ पीठ पर सोमवार शाम को एक चिट्ठी मिली थी। मंगलवार को जब इसे खोला गया तो पता चला कि उसमें हाथ से लिखा एक पत्र है, जिसमें उनके लिए धमकी भरे शब्द लिखे गए हैं। पत्र उत्तर प्रदेश के महू शहर से भेजा गया है। पत्र में नबी की शान में गुस्ताखी का जिक्र करते हुए जहन्नुम पहुंचाने की धमकी दी गई है। साथ ही लिखा गया है कि तुझे मोदी और मोहन कोई नहीं बचा सकेगा।

महामंडलेश्वर ने बताया कि पत्र पड़ने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इसकी जानकारी उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा को भी दे दी है। उन्होंने कहा कि सनातन के लिए लगातार काम करने के कारण उन्हें इस तरह की धमकियां मिल रही हैं। इससे पहले उन पर बड़ौदा और उज्जैन में भी हमला हो चुका है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई है।

पत्र में लिखा है कि सुबेर सुमनानंद, अब पानी सर के ऊपर जा रहा है। बार-बार मना करने पर भी तू अपनी आदत से बाज नहीं आ रहा है। मुसलसल हमारे प्यारे नबी की शान में गुस्ताखी कर रहा है। कन्हैया लाल दर्जी के कत्ल का वीडियो देख। दिल्ली में बकरीद पर काफिर पिल्ले की कुर्बानी का वीडियो देख। अब तेरी बारी है। जहन्नुम में जाएगा तू। तेरा मोदी और मोहन कोई बचा नहीं पाएगा, इंशाअल्लाह। बच सको तो बचो।

2023 और 2025 में भी मिल चुकी हैं धमकियां

यह पहला मौका नहीं है, जब महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि को धमकी मिली हो। इससे पहले 2025 में भी एक पत्र के माध्यम से धमकी दी गई थी, जो प्रयागराज (यूपी) से उर्दू में लिखकर भेजा गया था। सगीर अहमद पुत्र रिजवान नाम के व्यक्ति ने नवाब नगर, करेली, प्रयागराज (यूपी) के पते से एक लिफाफे में बंद उर्दू में लिखा पत्र भेजा था। इसके पहले भी वर्ष 2023 में किसी अज्ञात व्यक्ति ने अखाड़ा परिषद की बैठक के दौरान उर्दू में पत्र भेजकर धमकी दी थी।

दरअसल, महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज पहले अपने आश्रम में मुस्लिम लड़कियों को सनातन धर्म में शामिल कर उनका विवाह सनातन रीति-रिवाज से करा चुके हैं। मंगलनाथ मंदिर मार्ग स्थित मौनी तीर्थ पर 23 जून 2024 को उज्जैन निवासी अनिकेत चौबे ने तलाकशुदा मुस्लिम महिला फरहा से विवाह किया था। महिला ने सनातन धर्म अपना लिया था। वहीं उसकी बेटी जारा ने भी सनातन धर्म अपना लिया था। इसके बाद फरहा ने अपनी मर्जी से हिंदू युवक अनिकेत चौबे के साथ मौन तीर्थ में ही विवाह की सारी रस्में की थी। अनिकेत चौबे ने मांग में सिंदूर भरकर मंगलसूत्र पहनाकर फरहा को पत्नी के रूप में और उसकी बेटी जारा को बेटी के रूप में अपनाया था।

इसीसाल 31 मई को गंगाघाट स्थित मौनतीर्थ आश्रम में उज्जैन के गांधी नगर निवासी युवक सलमान खान ने स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाते हुए नई धार्मिक पहचान ग्रहण की थी। धार्मिक अनुष्ठान के बाद युवक का नया नाम ‘शांतनु’ रखा गया और उन्हें कश्यप गोत्र प्रदान किया गया। मौनतीर्थ आश्रम पूर्व में सलामन की दीक्षा विधि संपन्न हुई थी। मोनी तीर्थ आश्रम धार्मिक दीक्षा और संस्कार कार्यक्रमों के कारण चर्चा में रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर