(अपडेट) मप्र के जबलपुर में बरगी डैम में डूबा पर्यटकों से भरा क्रूज, छह शव बरामद, रेस्क्यू जारी
जबलपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम को तेज आंधी-तूफान के चलते पर्यटकों से भरा एक क्रूज खमरिया टापू के पास पानी में डूब गया। खबर लिखे जाने तक 6 शव बरामद किए गए हैं, जबकि 18 को सुरक्षित बचा लिया गया है। अबी 15 से ज्यादा लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
दरअसल, गर्मी के मौसम में शाम को लोग बरगी डैम घूमने जाते हैं। गुरुवार शाम को अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। इसी दौरान पर्यटकों से भरा एक क्रूज खमरिया टापू के पास संतुलन बिगड़ने से डूब गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज में 40 से अधिक लोग सवार थे। सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बरगी सिटी पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अंजुल अयंक मिश्रा ने छह शव निकाले जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एमपी टूरिज्म के क्रूज में 40 से 45 लोग सवार थे। अचानक आई आंधी के कारण ये हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंची। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। हालांकि बड़ी टॉर्च का इस्तेमाल करके लोगों की तलाश की जा रही है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने हादसे को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता लापता लोगों को खोजना और सुरक्षित बचाना है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही कहा कि अंधेरा होने के कारण अभी हताहतों की संख्या पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी, रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सरकार हर प्रभावित परिवारों के साथः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण हुए बरगी डैम क्रूज हादसे के बाद प्रशासन और रेस्क्यू टीम लगातार अभियान चला रही है, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी समेत वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जा रही है।
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना बेहद पीड़ादायक है। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। प्रशासन से अपील है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और लापता लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने के हरसंभव प्रयास किए जाएं। प्रशासन को मजिस्ट्रेट इंक्वायरी का आदेश देना चाहिए और क्रूज के ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

