अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स वैश्विक मानचित्र में स्थापित करेगा नई पहचान: मोहन यादव
- भोपाल में 136.296 एकड़ में विकसित हो रहे इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का मुख्यमंत्री ने किया मुआयना
भोपाल, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल के नाथू बरखेड़ा में विकसित हो रहा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी और सबसे महत्वाकांक्षी खेल अधोसंरचना विकास परियोजनाओं में से एक है। इससे मध्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की स्पर्धाएं होंगी, जिससे भोपाल खेलों के वैश्विक मानचित्र में अपनी नई पहचान कायम करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात सोमवार को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (खेल परिसर) के निर्माणाधीन कार्यों का मुआयना करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि 985.76 करोड़ रुपये की लागत से 136.296 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा यह अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स परिसर मध्य प्रदेश को देश का स्पोर्ट्स हब बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, मध्य प्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, खेल सचिव संजीव सिंह, खेल संचालक अंशुमन यादव सहित अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।
सिंथेटिक हॉकी टर्फ़
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में अंतरराष्ट्रीय हॉकी सिंथेटिक टर्फ़ का मुआयना किया। खेल मंत्री सारंग ने बताया कि इस कॉम्पलेक्स में पहले चरण में मानकों का पांच हजार की क्षमता वाले पेवेलियन सहित हॉकी स्टेडियम एवं सिंथेटिक हॉकी टर्फ़ का निर्माण किया गया है। खेल विभाग को जल्द ही इसका आधिपत्य मिल जाएगा।
अक्टूबर-नवम्बर में होगी एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप
उन्होंने बताया कि इसी सिंथेटिक टर्फ़ पर इसी साल अक्टूबर-नवम्बर में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को समय से पूर्व एशियन चैम्पियनशिप की सभी तैयारियां पूरी कर लेने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में दो कन्वेंशन सेंटर भी स्थापित किए जा रहे हैं।
सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का मुआयना कर खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली। खेल मंत्री श्री सारंग ने बताया कि इंटरनेशनल एथलेटिक्स फेडरेशन और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सभी मानकों के आधार पर 10 हजार की क्षमता वाले पेवेलियन सहित अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। इस ट्रैक के केन्द्र स्थल पर फुटबॉल स्टेडियम निर्मित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यहां खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए समान रूप से सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए।
अंतरराष्ट्रीय स्पोर्टस कॉम्पलेक्स, नाथू बरखेड़ा के बारे में
प्रदेश को स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए भोपाल स्थित नाथू बरखेड़ा में 136.296 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में एथलेटिक स्टेडियम (एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रेक मय पेवेलियन-1000 दर्शक क्षमता, वार्मअप ट्रेक मय) एवं हॉकी स्टेडियम (हॉकी सिंथेटिक टर्फ मय पवेलियन व प्रेक्टिस फील्ड) का निर्माण किया जा रहा है।
दूसरे चरण में इण्डोर स्पोर्टस कॉम्पलेक्स, स्वीमिंग कॉम्पलेक्स (ऑल वेदर), हॉस्टल बिल्डिंग (150-बालक, 150 बालिका), घुड़सवारी क्रास कंट्री ट्रेक का निर्माण किया जा रहा है। तीसरे चरण में इस इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में एक क्रिकेट स्टेडियम एवं साईक्लिंग वेलोड्रोम का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। पहले चरण का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। दूसरे चरण का निर्माण कार्य नवम्बर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
राज्य सरकार द्वारा इस अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के पहले चरण के निर्माण कार्यों के लिए 357.96 करोड़ और दूसरे चरण के निर्माण कार्यों के लिए 627.80 करोड़ रुपये, इस प्रकार कुल 985.76 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
सेना भर्ती में आए आवेदकों से की चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान परिसर में सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल द्वारा की जा रही सेना भर्ती (आर्मी रिक्रुटमेंट) के लिए आये आवेदकों से चर्चा की। यह आवेदक सेना भर्ती के पहले चरण की परीक्षा पास कर दूसरे चरण के पात्र होकर फिजिकल एग्जाम और मेडिकल टेस्ट पास करने के लिए आए हुए हैं। सेना के भर्ती अधिकारी (रिक्रुटमेंट ऑफिसर) जे.एस. सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि सेना भर्ती के लिए 4 हजार 500 आवेदकों को बुलाया गया है, इनमें से 3 हजार आवेदकों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश राज्य में सेना के चार भर्ती कार्यालय हैं और भोपाल में हो रही यह भर्ती इस साल दिसम्बर अंत तक पूरी कर ली जाएगी। नवनियुक्त जवान एक जनवरी 2027 से 6 माह की ट्रेनिंग लेंगे। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में सेना में 175 पदों पर धर्म गुरूओं की भर्ती भी की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी आवेदकों से आत्मीय चर्चा कर उन्हें भारतीय सेना के जवान के रूप में भर्ती के लिए शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

