home page

इंदौरः दिलजीत के कॉन्सर्ट में जमकर झूमे फेंस, बम विस्फोट की धमकियों के बीच ड्रोन से हुई निगरानी

 | 
इंदौरः दिलजीत के कॉन्सर्ट में जमकर झूमे फेंस, बम विस्फोट की धमकियों के बीच ड्रोन से हुई निगरानी


इंदौर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार की रात पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट का खासा क्रेज देखने को मिला। दिलजीत रात 8 बजे मंच पर अपनी प्रस्तुति देने आए और रात 10 बजे आखिरी गाना गाकर शो खत्म किया। इस दौरान उन्होंने वे खुदा गवाह और सांसों की माला' जैसे हिट गानों पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

यह भव्य शो बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर हुआ, जहां दिलजीत ने 45 फीट ऊंचे एलिवेटर से रात आठ बजे एंट्री की। स्टेज पर पहुंचते ही उन्होंने ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष किया। इसके बाद ‘मोरनी’ गाने से परफॉर्मेंस शुरू की। उनके आते ही दर्शकों ने तालियों और शोर के साथ स्वागत किया। कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने इंदौर से जुड़ा अपना पुराना शेर भी दोहराया। उन्होंने कहा कि न पहले रुका था, न आगे रुकूंगा।

इससे पहले कॉन्सर्ट स्थल पर दोपहर से ही युवाओं की खासी भीड़ उमड़ रही थी। करीब चार लाख वर्गफीट के विशाल क्षेत्रफल में फैले इस आयोजन स्थल पर 40 हजार दर्शक जुटे। इस मेगा इवेंट को लेकर शहर के युवाओं में भारी उत्साह दिखा, वहीं दूसरी ओर कॉन्सर्ट से ठीक पहले टिकटों की री-सेल और संस्थानों को मिली बम विस्फोट की धमकियों के बीच पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखा। पूरे क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की गई।

दरअसल, कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत को धमकी भरे ई-मेल मिले थे। उनके चार गानों- ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ पर रोक की चर्चा रही। पिछले वाले इवेंट की तुलना में इस बार भीड़ कम दिखाई दी। इसे बम ब्लास्ट की धमकियों का भी असर माना जा रहा है।

1,500 रुपये से शुरू होकर 8 लाख तक पहुंची वीआईपी टेबल की कीमत

इस लाइव कॉन्सर्ट के लिए टिकटों की कई श्रेणियां रखी गई थी। सामान्य टिकटों की शुरुआती कीमत 1,500 रुपये, जबकि 10 लोगों की क्षमता वाली वीआईपी टेबल की कीमत 8 लाख रुपये तक तय की गई थी। दोनों पैकेज में शराब और खाने-पीने की सुविधाएं रहीं। ड्रिंक्स में व्हिस्की, स्कॉच, वोदका, टकीला और बीयर परोसी गई।

टिकट बिक्री प्लेटफॉर्म के आंकड़ों के अनुसार, इंदौर के इस शो के लिए 7 करोड़ रुपये से अधिक के टिकट बिके। इसके अतिरिक्त, इस बड़े आयोजन के लिए आयोजकों द्वारा नगर निगम को भी 60 लाख रुपये से अधिक का टैक्स जमा कराया गया।

भारी वाहनों पर प्रतिबंध और विशेष ट्रैफिक व पार्किंग प्लान

40 हजार दर्शकों की संभावित भीड़ और हाल ही में मिली विस्फोट की धमकियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात का विशेष प्लान लागू किया था। शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई। दर्शकों की सुविधा के लिए सी-21 बिजनेस पार्क में 3 अलग-अलग जोन में निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर