home page

प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प और व्यापारी समाज के साथ से भारत बनेगा विकसित : नरेन्द्र सिंह तोमर

 | 
प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प और व्यापारी समाज के साथ से भारत बनेगा विकसित : नरेन्द्र सिंह तोमर


- मध्य प्रदेश विधानसभा में हुआ कैट के व्यापारिक सम्मेलन

भोपाल, 30 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व्यापारियों की कठिनाइयां दूर करने के लिए ही जीएसटी जैसे कर सुधार ले कर आए। इस प्रक्रिया के आरंभ में कुछ कठिनाइयां आईं, लेकिन यह सिद्ध हुआ कि कठिनाई देश के व्यापक हित के लिए हो तो व्यापारी और देश की जनता दोनों उसका सहयोग करते हैं। ऐसे ही प्रधानमंत्री का संकल्प और व्यापारी समाज साथ मिलकर विकसित भारत बनाएंगे।

यह विचार मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को भोपाल में विधानसभा परिसर स्थित मानसरोवर सभागार में आयोजित कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के व्यापारिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल, राष्ट्रीय चेयरमैन ब्रजमोहन अग्रवाल, महिला विंग की संगीता पाटिल सहित संगठन के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि व्यापार और व्यवसाय किसी भी देश की अर्थव्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण आधार है। व्यापार-व्यवसाय बढ़े, इसके लिए व्यापारियों के सामने आने वाली कठिनाइयों एवं रुकावटों का निराकरण होना आवश्यक है। हर बड़े सुधार के पीछे स्पष्ट संकल्प, साफ नीयत और अच्छी नीति की आवश्यकता होती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने “मेक इन इंडिया” और “लोकल फॉर वोकल” के माध्यम से देश के सामने आत्मनिर्भरता का बड़ा विचार रखा है। मेक इन इंडिया केवल नारा नहीं, बल्कि एक विचार और जज्बा है, जिसे साकार करने के लिए संकल्प और परिश्रम की आवश्यकता है। “लोकल फॉर वोकल” का अर्थ केवल त्योहार पर स्थानीय उत्पाद खरीद लेना नहीं है। इसका व्यापक अर्थ स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को निरंतर प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने कहा कि एक समय भारत में रेलवे के डिब्बों के अनेक पुर्जे विदेशों से आयात किए जाते थे। आज देश में वंदे भारत जैसी ट्रेनों का निर्माण हो रहा है। यह भारत की तकनीकी क्षमता, आत्मविश्वास और स्वदेशी शक्ति का उदाहरण है। देश की यह उपलब्धि सरकार के प्रयासों के साथ उद्योग और व्यापार जगत के योगदान का भी परिणाम है।

उन्होंने कहा कि जनधन योजना और स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से विकास केवल बड़े उद्योगों और बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहा है। विकसित भारत के निर्माण में गाँव में बैठे गरीब व्यक्ति, छोटे व्यापारी, किसान, श्रमिक और सामान्य नागरिक सभी की भागीदारी आवश्यक है। कई बार छोटा व्यापारी सोचता है कि उसके अकेले के प्रयास से क्या बदलाव आएगा, लेकिन ऐसा नहीं है। बूंद-बूंद से ही घड़ा भरता है। देश में बड़ा परिवर्तन तभी संभव है, जब छोटे से छोटा व्यक्ति भी अपनी जिम्मेदारी समझकर उसमें योगदान दे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कैट द्वारा स्थानीय उत्पादों और “लोकल फॉर वोकल” को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि इसी प्रकार की बड़ी प्रदर्शनी ग्वालियर में भी आयोजित की जाए और ऐसे आयोजन देशभर में होने चाहिए। इससे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और छोटे व्यापारियों, कारीगरों तथा स्वयं सहायता समूहों को नई पहचान मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर