home page

मप्र के कटनी में बंद कमरे में मिला आयकर अधिकारी का शव, रेस्ट हाउस में मिले अचेत

 | 
मप्र के कटनी में बंद कमरे में मिला आयकर अधिकारी का शव, रेस्ट हाउस में मिले अचेत


कटनी, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में गुरुवार को माधव नगर थाना क्षेत्र स्थित बरगवां में आयकर विभाग के रेस्ट हाउस में वरिष्ठ आयकर अधिकारी मानवेंद्र प्रताप सिंह का शव बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में भिजवाया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शासकीय वाहन चालक गुरुवार को गाड़ी की चाबी लेने के लिए आयकर अधिकारी मानवेंद्र प्रताप सिंह के कमरे पर पहुंचा था। उसने कई बार बेल बजाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। कई घंटे तक कोई हलचल न होने पर कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई और इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद माधव नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर अधिकारी अचेत अवस्था में पड़े मिले, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण साइलेंट अटैक माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। कटनी में वे अकेले ही रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, मानवेंद्र प्रताप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के निवासी थे। वे पिछले लगभग दो वर्षों से कटनी में पदस्थ थे। उनकी पदस्थापना वर्ष 2024-25 में कटनी स्थित आयकर विभाग में हुई थी और तभी वे बरगवां के गेस्ट हाउस में रह रहे थे। वे शादीशुदा थे और उनका परिवार लखनऊ में रहता है। जॉइनिंग के बाद से कटनी के एक गेस्ट हाउस में अकेले रह रहे थे।

माधव नगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अधिकारी का शव एक बंद कमरे में बिस्तर पर लेटी हुई अवस्था में मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ और न ही शरीर पर चोट के कोई निशान पाए गए। मामला दर्ज कर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के कटनी पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर