home page

महाकुंभ में वायरल हुई मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास, उज्जैन में खुद पिंडदान कर त्यागा पिछला जीवन

 | 
महाकुंभ में वायरल हुई मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास, उज्जैन में खुद पिंडदान कर त्यागा पिछला जीवन


महाकुंभ में वायरल हुई मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास, उज्जैन में खुद पिंडदान कर त्यागा पिछला जीवन


महाकुंभ में वायरल हुई मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास, उज्जैन में खुद पिंडदान कर त्यागा पिछला जीवन


- स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी हर्षा रिछारिया, संन्यास के बाद मिला नया नाम

उज्जैन, 19 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज महाकुंभ में वायरल हुई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर और पूर्व मॉडल हर्षा रिछारिया ने रविवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर मध्य प्रदेश के उज्जैन में संन्यास ले लिया। उन्हें उज्जैन के मौनी तीर्थ आश्रम में पंचायती निरंजनी अखाड़ा के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरि महाराज ने संन्यास दीक्षा दी।

अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त में रविवार को उज्जैन में मंगलनाथ स्थित गंगाघाट पर माैन तीर्थ पीठाधीश्वर सुमनाजी महाराज से विधि विधान से दीक्षा लेकर हर्षा रिछारिया को संन्यासी जीवन ग्रहण कराया। संन्यास परंपरा के अनुसार, उन्हें शिखा और दंड त्याग की विधि कराई गई। साथ ही तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म भी कराए गए, जो पूर्व जीवन के त्याग और नए आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत का प्रतीक माने जाते हैं। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद हर्षा रिछारिया ने संन्यास ग्रहण किया और उन्हें नया नाम स्वामी हर्षानंद गिरि दिया गया। इस अवसर पर आश्रम में संत, श्रद्धालु और अनुयायी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

इस मौके पर स्वामी हर्षानंद गिरि ने कहा कि यह उनके जीवन का नया अध्याय है। उन्होंने गुरुदेव के मार्गदर्शन में संन्यास का मार्ग अपनाया है और संकल्प लिया है कि वे अपना जीवन धर्म, संस्कृति और समाज की सेवा में समर्पित करेंगी और संन्यास की मर्यादा का पालन करेंगी।

महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरि महाराज ने कहा कि संन्यास दीक्षा एक गहन और अनुशासित प्रक्रिया है। इसमें व्यक्ति अपने पूर्व जीवन का त्याग कर आध्यात्मिक पथ पर चलता है। मेरा सभी संन्यासियों से यही आग्रह रहता है कि वे संन्यास की गरिमा को कभी कलंकित नहीं होने दें। एक संन्यासी के आचरण का प्रभाव पूरे समाज और संन्यास परंपरा पर पड़ता है, इसलिए विधि-विधान और मर्यादा का पालन अत्यंत आवश्यक है।

संन्यास लेने के बाद हर्षा रिछारिया से हर्षानंद गिरि बनी साध्वी ने कहा कि प्रयागराज कुंभ से उन्हें संकेत मिले थे कि किस दिशा में जाना है। गुरुजी के मार्गदर्शन में संध्या दीक्षा हुई है, उनके आशीर्वाद से आगे बढ़ेंगे। गुरुजी ने शपथ दिलवाई है कि ऐसा कोई काम ना हो, जिससे संन्यास से जीवन कलंकित हो।

मध्य प्रदेश के भोपाल की रहने वाली हर्षा रिछारिया एंकर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम करती थीं। पिछले साल प्रयागराज महाकुंभ के दौरान साधु-संतों के साथ उनकी भगवा वस्त्रों में तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। हर्षा की तस्वीरों के साथ “खूबसूरत साध्वी” ट्रेंड किया, जिससे उनकी लोकप्रियता अचानक बढ़ गई। हालांकि, उनकी पुरानी एंकरिंग और ग्लैमर इंडस्ट्री से जुड़ी तस्वीरें सामने आने के बाद विवाद भी खड़ा हुआ था। इसके बाद से हर्षा हमेशा चर्चा में बनी रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर