home page

ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को देगा नई दिशाः ज्योतिरादित्य सिंधिया

 | 
ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को देगा नई दिशाः ज्योतिरादित्य सिंधिया


- केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

ग्वालियर, 06 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हाईवे विस्तारीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में आगरा से ग्वालियर तक का 6 लेन रोड निर्मित किया जा रहा है। 5500 करोड़ रुपये से अधिक राशि का यह हाई स्पीड कोरीडोर ग्वालियर – चंबल क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा।

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से विकास की नई गति स्थापित की जा रही है। केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।

सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर-आगरा हाईस्पीड कोरीडोर का निर्माण 5500 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। ग्वालियर-आगरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे वर्तमान मार्ग की तुलना में 32 किलोमीटर छोटा होगा और कुल दूरी लगभग 88 किलोमीटर रह जायेगी। वर्तमान में 2 लेन सड़क को अपग्रेड कर 6 लेन हाईस्पीड कोरीडोर बनाया जायेगा। यहां न्यूनतम गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।

उन्होंने कहा कि इस कोरीडोर के बन जाने से ग्वालियर और आगरा के मध्य की यात्रा 45 से 50 मिनट में पूर्ण होगी। यह एक्सप्रेस-वे लगभग तीन वर्षों में पूर्ण होकर जनता को समर्पित किया जायेगा। एक्सप्रेस-वे को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। जिसमें सीमित एंट्री और एक्जिट प्वॉइंट रखे जायेंगे। पूरे मार्ग में कुल 4 प्रवेश – निकास बिंदु होंगे। जिससे यातायात निर्बाध और सुरक्षित बना रहेगा। यह व्यवस्था हाईस्पीड कोरीडोर को बिना व्यवधान के सुचारू रूप से संचालित करने में सहायक होगी।

चंबल पर आधुनिक 6 लेन ब्रिज और पश्चिमी बायपास से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर-आगरा एक्सप्रेस-वे परियोजना के अंतर्गत चंबल नदी पर आधुनिक तकनीक से 6 लेन पुल का निर्माण किया जायेगा। जो अपनी संरचना में विश्व स्तरीय होगा। इसके साथ ही शिवपुरी को जोड़ने के लिये लगभग 28 किलोमीटर लम्बा पश्चिमी बायपास भी विकसित किया जा रहा है, जिसकी लागत 1400 करोड़ रुपए है। इससे दिल्ली, ग्वालियर, शिवपुरी और गुना के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।

उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को विशेष बल मिला है। हाईस्पीड कोरीडोर 5500 करोड़ रुपये और पश्चिमी बायपास को मिलाकर कुल 7000 करोड़ रुपये की परियोजना ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को मिली है। इसके अतिरिक्त ग्वालियर में 600 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक रेलवे स्टेशन का निर्माण भी किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र का समग्र कायाकल्प होगा और निवेश, रोजगार और व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे।

सिंधिया ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परियोजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ किया जाए ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ मिले। इस मौके पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मोहन सिंह राठौर, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों के साथ ही एनएचएआई के अधिकारीगण उपस्थित थे।

सिंधिया ने किया एलीवेटेड रोड का निरीक्षण

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान ग्वालियर में दो चरणों में निर्मित की जा रही एलीवेटेड रोड के प्रथम चरण में ग्वालियर के हजीरा क्षेत्र में निर्मित एलीवेटेड रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने हजीरा किलागेट के पास एलीवेटेड रोड निर्माण कार्य का पैदल चलकर निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि एलीवेटेड रोड का निर्माण गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में हो यह सुनिश्चित किया जाए। इस महत्वपूर्ण परियोजना में सभी आयामों पर समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर