home page

मप्र के शुजालपुर में गोवा-एक्सप्रेस ने मेंटेनेंस ट्रॉली को मारी टक्कर, दो रेलकर्मियों की मौत

 | 
मप्र के शुजालपुर में गोवा-एक्सप्रेस ने मेंटेनेंस ट्रॉली को मारी टक्कर, दो रेलकर्मियों की मौत


- ट्रैक पर दो अधिकारी और चार गैंगमैन कर रहे थे काम, अचानक डायवर्टेड रूट पर आ गई ट्रेन

शाजापुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर क्षेत्र में शुक्रवार को बेरछा और मक्सी के बीच झोंकर रेलवे फाटक के पास गोवा एक्सप्रेस ने ट्रैक मेंटेनेंस ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो रेलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती गया है।

जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, बेरछा और मक्सी के बीच झोंकर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार को ट्रैक पर मैंटेंनेस का काम चल रहा था। यहां दो अधिकारियों और चार गैंगमैन मौजूद थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12780 गोवा एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन वहां से गुजरी और ट्रैक पर खड़ी मैंटेनेंस ट्रॉली को टक्कर मार दी।

हादसे में भगवान पुत्र लाल जी राम निवासी बार्डियासोन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप पुत्र बाबूलाल जायसवाल निवासी बार्डियासोन गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनका पैर कट गया था। इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दोनों रेलवे कर्मचारी गैंगमैन थे और एक ही गांव के रहने वाले थे। हादसे में सद्दाम ट्रैकमैन और सत्यप्रकाश जैन अधिकारी (सीपीडब्ल्यूआईडी) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सत्यप्रकाश जैन को अस्पताल लाने पर चक्कर आ रहे थे, हालांकि, उन्हें कोई चोट नहीं आई।

रेलवे कर्मचारी अजय के मुताबिक, सद्दाम और सत्यप्रकाश जैन की स्थिति खतरे से बाहर है। विक्रम ट्रैकमैन और अधिकारी मनोज वर्मा को चोट नहीं आई। दोनों अस्पताल नहीं गए और घर चले गए।

रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रेन नंबर 12780 गोवा एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन से चलकर भोपाल होते हुए वास्को-डिगामा जाती है। पिछले 15 दिनों से इसे मथुरा से भोपाल की ओर डायवर्टेड रूट पर चलाया जा रहा था। घटनास्थल पर रेलवे के दो ट्रैक पास-पास हैं। आशंका है कि कर्मचारी इसी वजह से समझ नहीं पाए। ट्रेन उनके ट्रैक पर आ रही है या बगल वाले ट्रैक पर, जिससे हादसा हो गया। मेंटेनेंस ट्रॉली पर मौजूद कर्मचारियों को ट्रेन के आने की जानकारी थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर