केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने मप्र के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का किया निरीक्षण
रतलाम/भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश के रतलाम पहुंचे और यहां से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया। इस दौरान रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह ने उन्हें एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्यों की जानकारी दी।
दरअसल, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने के लिए केन्द्रीय मंत्री गडकरी बुधवार सुबह दिल्ली से रवाना हुए थे और राजस्थान के बूंदी-कोटा जिले से होते हुए देर रात मंदसौर जिले के गरोठ पहुंचे। उन्होंने यहां रूपरा सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री गडकरी गुरुवार सुबह वह 8.15 बजे गरोठ से 19 गाड़ियों के काफिले के साथ रवाना हुए और दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करते हुए सुबह 10.25 बजे वह रतलाम जिले की सीमा पर पहुंचे। रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह, एसपी अमित कुमार समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहले से वहां पहुंच गए थे।
केन्द्रीय मंत्री गडकरी का काफिला करीब पांच मिनट के लिए रतलाम जिले की सीमा पर रुका। गडकरी अपनी कार से नीचे उतरे। इस दौरान मंत्री गडगरी ने 8-लेन एक्सप्रेसवे का जायजा लिया। उन्होंने पैदल चलते हुए कलेक्टर मिशा सिंह से जिले से गुजर रहे एक्सप्रेस वे के बारे में जानकारी ली और सड़क पर जो पैच वर्क के काम चल रहे हैं, उनको शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद वह अपने काफिले के साथ रवाना हो गए।
केन्द्रीय मंत्री गडकरी के दौरे को देखते हुए एक्सप्रेस-वे पर पुलिस व प्रशासन की व्यवस्था चाक चौबंद थी। जिले की सीमा पर पूरा एक्सप्रेस-वे बंद कर दिया गया था और जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर रखा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

