home page

मध्य प्रदेश में फिल्म ‘शतक’ टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की घोषणा

 | 
मध्य प्रदेश में फिल्म ‘शतक’ टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की घोषणा


भोपाल, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार ने हिंदी फिल्म ‘शतक’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह फिल्म राष्ट्रसेवा और संस्कारों का सशक्त संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि फिल्म ‘शतक’ को सम्पूर्ण मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म राष्ट्रसेवा और उस सांस्कृतिक परंपरा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दशकों से आगे बढ़ाया है। फिल्म यह संदेश देती है कि संगठित विचार, चरित्र और सेवा भाव से ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।

उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘शतक’ गत 20 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के सफर को दर्शाया गया है। कहानी की शुरुआत 1925 में नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा संघ की स्थापना से होती है और दिखाया गया है कि किस तरह एक छोटे समूह से शुरू हुआ संगठन आज एक विशाल स्वरूप ले चुका है।

फिल्म में संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार और उनके उत्तराधिकारी माधव सदाशिव गोलवलकर (गुरुजी) के जीवन और संघर्षों को प्रमुखता से दिखाया गया है। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम में संघ की भूमिका, विभाजन काल, दादरा और नगर हवेली की मुक्ति, कश्मीर मुद्दा तथा 1975 के आपातकाल के दौरान संगठन के संघर्षों का भी चित्रण किया गया है।

फिल्म की एक खास विशेषता यह है कि इसमें एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और उन्नत ग्राफिक्स की मदद से वीर सावरकर, महात्मा गांधी, सरदार पटेल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को पर्दे पर जीवंत किया गया है।

फिल्म का निर्देशन आशीष मॉल ने किया है और निर्माण वीर कपूर ने किया है। फिल्म की कहानी को अभिनेता अजय देवगन ने अपनी आवाज दी है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय का प्रदेश में व्यापक स्वागत किया जा रहा है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर