home page

बाल विवाह उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए नई दिल्ली में सम्मानित हुआ मप्र, राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना

 | 
बाल विवाह उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए नई दिल्ली में सम्मानित हुआ मप्र, राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना


- केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने झाबुआ की हीमा निनामा के साहस का किया विशेष उल्लेख

भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन की दिशा में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रभावी प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने एवं बाल विवाह उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में मध्य प्रदेश को उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के 25 बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रदेश की ओर से बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी ने पुरस्कार ग्रहण किया।

राष्ट्रीय मंच पर झाबुआ की बेटी के साहस की सराहना

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की 17 वर्षीय हीमा निनामा की प्रेरणादायी कहानी का विशेष उल्लेख किया। हीमा ने साहस और आत्मविश्वास के साथ अपने बाल विवाह को रोककर शिक्षा और बेहतर भविष्य की राह चुनी। राष्ट्रीय मंच पर हीमा की सफलता का उल्लेख प्रदेश में बाल विवाह के विरुद्ध बढ़ती जागरूकता और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण पहचान देता है।

बाल विवाह मुक्त मध्य प्रदेश की दिशा में निरंतर प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के मार्गदर्शन में प्रदेश में बाल विवाह उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बाल विवाह की रोकथाम के लिए कानूनी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश में 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों का क्षमतावर्धन, जनजागरूकता गतिविधियां, समुदाय की सक्रिय भागीदारी तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से बाल विवाह की रोकथाम सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर