home page

दुबई से एयर एंबुलेंस के जरिए भारत पहुंचे अनूपपुर के ज्ञानेंद्र तिवारी, एम्स दिल्ली में उपचार जारी

 | 
दुबई से एयर एंबुलेंस के जरिए भारत पहुंचे अनूपपुर के ज्ञानेंद्र तिवारी, एम्स दिल्ली में उपचार जारी


भोपाल, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ज्ञानेंद्र तिवारी अपनों के लौटने की उम्मीद और लंबे इंतजार के बाद दुबई से एयर एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित भारत पहुंच गए हैं। गुरुवार सुबह उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक सघ अनूपपुर के जिला संघचालक राजेन्द्र तिवारी से पुत्र ज्ञानेद्र को दुबई में 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे दुबई में कार्डियक अटैक का शिकार हो गया था। उन्हें दुबई के अल जहरा अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। वे पिछले 22 दिनों से कोमा थे। परिवार के अनुसार, अब तक उसके इलाज पर लगभग 69 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। अस्पताल का प्रतिदिन का खर्च लगभग 4.5 लाख रुपये था।

जनसम्पर्क अधिकारी गजेन्द्र द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्ञानेंद्र तिवारी की स्वदेश वापसी के लिए भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन द्वारा समन्वित प्रयास किए गए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल पर प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क एवं आवश्यक समन्वय किया गया। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने भी ज्ञानेंद्र की सुरक्षित भारत वापसी और बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने के लिए लगातार प्रयास किए।

इस पूरे घटनाक्रम में शासन-प्रशासन के स्तर पर किए गए प्रयासों के फलस्वरूप दुबई से एयर एंबुलेंस के जरिए ज्ञानेन्द्र को भारत लाने की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकी। इसके बाद गुरुवार तड़के करीब तीन बजे उन्हें उपचार के लिए एम्स दिल्ली पहुंचाया गया।

पारिवारिक रिश्तेदार देवेन्द्र तिवारी ने बताया कि ज्ञानेंद्र तिवारी की स्वदेश वापसी को लेकर पूरा परिवार लगातार चिंतित था। उन्होंने ज्ञानेंद्र की सुरक्षित वापसी में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर