इंदौर में जल संरक्षण के लिए हुई देश की सबसे छोटी ‘मिनी थान’ दौड़, गिनीज बुक में नाम दर्ज
इंदौर, 14 जून (हि.स.)। स्वच्छता में देश का नंबर वन शहर मध्य प्रदेश का इंदौर अब जल संरक्षण और पर्यावरण के क्षेत्र में भी नए रिकॉर्ड बना रहा है। रविवार को इंदौर के नाम एक विश्व रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। यहां आयोजित देश की सबसे छोटी रन ‘‘मिनी थान’’ को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम इंदौर द्वारा वर्षा जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को लेकर शहर में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को शहर में वर्षा जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए पलासिया चौराहा से इंद्रप्रस्थ चौराहा तक लगभग एक किलोमीटर की दूरी की देश की सबसे छोटी रन ‘‘मिनी थान’’ का आयोजन किया गया। इस अनूठी दौड़ को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर जन भागीदारी का एक बेजोड़ मॉडल है और यह शहर जो भी करता है, बेहद अद्भुत करता है। आज पानी को बचाना हमारी सबसे बड़ी जरूरत है। इसलिए आप सभी अपने-अपने घरों और संस्थानों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को अनिवार्य रूप से अपनाएं और इंदौर के भूजल स्तर को बढ़ाने में अपना योगदान दें।
सांसद लालवानी ने शहर की ट्रैफिक और पर्यावरण व्यवस्था पर बात करते हुए कहा कि वर्तमान में इंदौर की जितनी जनसंख्या है, उसके अनुपात में वाहनों की संख्या बहुत ज्यादा हो गई है, जिससे आवागमन में आए दिन परेशानी होती है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य और इंदौर के पर्यावरण के लिए छोटी-छोटी दूरी की यात्रा पैदल तय करें। पैदल चलने से न केवल सेहत अच्छी रहती है, बल्कि ईंधन की बचत होती है और वायु प्रदूषण (एक्यूआई) में भी बड़ी कमी लाई जा सकती है।
इस अवसर पर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर की जनता की तारीफ करते हुए कहा कि इंदौर आज नागरिकों के अटूट सहयोग और जनभागीदारी के कारण ही स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में सिरमौर बना हुआ है। अब यही एकजुटता हमें जल संरक्षण में दिखानी होगी। वर्तमान समय में गिरते भूजल स्तर को उठाना और वर्षा जल को सहेजना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निगम कमिश्नर सिंघल ने दूरदर्शिता दिखाते हुए कहा कि जल संकट की संभावित चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को वर्षा जल संग्रहण की दिशा में खुद आगे आना होगा। उन्होंने इंदौर वासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि सभी अपने घरों, संस्थानों एवं व्यावसायिक परिसरों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तुरंत अपनाएं। बारिश के पानी का यह वैज्ञानिक संग्रहण आने वाली पीढ़ियों के लिए वरदान साबित होगा।
'मिनी थान' दौड़ की शुरुआत से पहले कार्यक्रम में मौजूद हजारों नागरिकों, युवाओं और प्रतिभागियों को वर्षा जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही शहर के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में सुधार करने, पर्यावरण को बचाने और एक स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए लोगों को अधिक से अधिक पैदल चलने के लिए प्रेरित किया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

