मध्य प्रदेश को मिले ई-गवर्नेंस क्षेत्र में दो राष्ट्रीय पुरस्कार, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
- मप्र को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना शासन की जनता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल, 04 जून (हि.स.)। ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर प्रदेश के नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के अंतर्गत मध्य प्रदेश को दो राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होना हम सभी के लिए गौरव का विषय है। प्रदेश को मिली राष्ट्रीय स्तर पर दोनों उपलब्धियां ई-गवर्नेंस, नवाचार और तकनीक आधारित जनसेवा के क्षेत्र में मध्य प्रदेश शासन की आम जनता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार के अंतर्गत दो पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। शहरी विकास एवं आवास विभाग की ई-नगर पालिका में सायबर सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्वर्ण पुरस्कार तथा त्रिनेत्र- महाकालेश्वर मंदिर सहित महाकाल रुद्रसागर एकीकृत विकास क्षेत्र की एआई आधारित वीडियो निगरानी प्रणाली के लिए रजत पुस्कार की घोषणा हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इसमें योगदान देने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

