मप्र के मुख्यमंत्री से मिले कपिल देव, बोले- खेलों के विकास में सहयोग के लिए हमेशा तत्पर
भोपाल, 11 मई (हि.स.)। साल 1983 में क्रिकेट विश्वकप विजेता टीम के कप्तान रहे और देश के प्रख्यात ऑल राउंडर कपिल देव ने सोमवार शाम को भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर समत्व भवन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश के खेल परिदृश्य की जानकारी कपिल देव को दी। प्रख्यात क्रिकेटर कपिल देव ने कहा कि मध्य प्रदेश में क्रिकेट सहित सभी खेलों के प्रोत्साहन के लिए सराहनीय कार्य हो रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों के विकास में हर संभव सहयोग देने की बात कही।
प्रख्यात क्रिकेटर कपिल देव ने कहा कि क्रिकेट के साथ ही अन्य खेलों का विकास भी आवश्यक है। प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए वे अपना मार्गदर्शन देने के लिए सदैव तत्पर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

