मप्र के सीहोर में देश की सबसे बड़ी ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई के पहले पावर ट्रांसफॉर्मर के रोलआउट का शुभारंभ
- क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स पावर की इस इकाई में हर दिन बनेगा एक ट्रांसफॉर्मर, दो हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
सीहोर/भोपाल, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को सीहोर के बडि़याखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई सीजी (क्राप्टन एंड ग्रिव्स) पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड के पहले पावर ट्रांसफॉर्मर के रोलआउट का शुभारंभ किया। इस कंपनी में प्रतिदिन 1200 केवी तक का ट्रांसफॉर्मर बनेगा और 2000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिस गति से देश विकास की ओर अग्रसर है, उसी गति से मध्य प्रदेश भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश अब निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है और बड़ी से बड़ी औद्योगिक इकाइयां प्रदेश में स्थापित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों की स्थापना से विकास को नई गति मिलती है और रोजगार के अवसरों में निरंतर वृद्धि होती है। नए उद्योगों से स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ही व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होता है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश बढ़ने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और सरकार को विकास एवं जनकल्याण के कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होते हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश आए और इसका लाभ उद्योग, रोजगार तथा समग्र विकास के रूप में प्रदेशवासियों को मिले।
उन्होंने कहा कि आज यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि अमेरिका की जीडीपी वृद्धि दर लगभग 2 प्रतिशत और चीन की करीब 4 प्रतिशत है, जबकि भारत की ग्रोथ रेट 7.8 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास की गति को नई ऊंचाई दी है। देश की तेज आर्थिक प्रगति ने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है और भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पैशन, पोटेंशियल, पॉलिसी, परफॉर्मेंस और प्रोडक्शन मध्य प्रदेश की औद्योगिक पहचान बन गए हैं। प्रदेश सरकार उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, जिससे औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीहोर में देश की सबसे बड़ी ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई का शुभारंभ ऐतिहासिक अवसर है। देश के ऊर्जा एवं औद्योगिक इकोसिस्टम को ट्रांसफॉर्मर करने में इस उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। अब ’’डाई से लेकर ट्रांसफॉर्मर तक का निर्माण सीहोर में’’ होने लगा है, जो जिले के बढ़ते औद्योगिक विकास का प्रमाण है।
उन्होंने सीजी पावर की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी ने नौ दशकों में उद्योग जगत में अपना विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष अगस्त माह में कंपनी के भूमि पूजन के बाद महज 13 माह के भीतर ट्रांसफॉर्मर का निर्माण शुरू होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कंपनी द्वारा प्रतिदिन एक ट्रांसफॉर्मर निर्माण की क्षमता विकसित करने के लिए भी सराहना की और कहा कि इससे सीहोर सहित पूरे प्रदेश को औद्योगिक विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में कंपनी चेयरमैन वेलियान सुबैया तथा सीईओ एवं एमडी अमर कौल ने सीजी पावर के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीहोर श्योर है, यहां निवेश सिक्योर है और रिटर्न भी एश्योर है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “सीहोर श्योर है, यहां निवेश सिक्योर है और रिटर्न भी एश्योर है।” सीहोर में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी और पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों से जिले में नए निवेश को प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सीहोर में होने वाला निवेश न केवल उद्योगों के विकास को गति देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा और जिले और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएगा।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां निवेश हो रहा है, वहां युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर मिलें। नए उद्योगों की स्थापना से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध होगा। सरकार निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर प्रदेश को औद्योगिक एवं रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सीहोर भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और राजधानी भोपाल के साथ इसकी कनेक्टिविटी एवं विकास को और गति दी जा रही है। मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में शामिल होने से सीहोर में औद्योगिक, व्यावसायिक और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से सीहोर का भोपाल के साथ समन्वित विकास होगा तथा आने वाले समय में यह क्षेत्र आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीहोर के बड़ियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने इकाई में ट्रांसफॉर्मर निर्माण की प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक और उत्पादन क्षमता की जानकारी ली। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से उद्योग के संचालन एवं विस्तार से संबंधित जानकारी प्राप्त करते हुए प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने पर जोर दिया।
सीजी पॉवर की विशेषताएं
सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड 50 एकड क्षेत्र में यह संयंत्र भारत की सबसे बडी पावर ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई है। यह 888 करोड़ की लागत से बनी है। इस उद्योग से 2000 से अधिक लोगों को राजेगार मिलेगा। यहां 220 केवी से 1200 केवी श्रेणी तक के उच्च क्षमता वाले पॉवर ट्रांसफार्मर का निर्माण किया जायेगा। यह इकाई प्रतिमाह 35 पावर ट्रॉसफॉर्मरों के उत्पादन की क्षमता रखती है, जिससे भारत की विद्युत संचरण अवसंरचना को नई मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

