मप्र के मुख्यमंत्री ने अमरावती में शहरी विकास परियोजनाओं पर आंध्र प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों से की चर्चा
भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के अमरावती में आंध्र प्रदेश कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से सुनियोजित शहरीकरण, आधुनिक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्ण डिजिटल, स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल एकीकृत टाउनशिप परियोजना का अवलोकन कर इसकी प्रमुख विशेषताओं एवं विकास संबंधी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मध्य प्रदेश में इंदौर-उज्जैन और भोपाल मेट्रोपॉलिटन परियोजनाओं के लिए की गई पहल और भविष्य में जबलपुर एवं ग्वालियर के लिए तैयार की जा रही योजनाओं का भी उल्लेख किया।
विजयवाड़ा में उद्योगपतियों और निवेशकों से की चर्चा
मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश के प्रवास के दौरान शनिवार को विजयवाड़ा में मध्य प्रदेश में निवेश के नए अवसरों और औद्योगिक साझेदारियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रमुख उद्योगपतियों एवं निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा की। उन्होंने बैठकों के दौरान निवेशकों और उद्योगपतियों से मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश की व्यापक संभावनाओं, अनुकूल औद्योगिक वातावरण तथा उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न उद्योग मित्र नीतियों की जानकारी साझा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

