केंद्र और राज्य सरकार मिलकर मध्य प्रदेश के विकास को दे रहे हैं गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- विकसित भारत उद्योग-व्यापार सम्मेलन में मप्र के मिले 7500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव
भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर मध्य प्रदेश के विकास को गति प्रदान कर रहे हैं। ग्वालियर को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का प्रमुख केंद्र बनाने की पहल के साथ जबलपुर-इंदौर आर्थिक कॉरिडोर विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति प्रदान करेगा। महाकौशल और मालवा को जोड़ने की इस पहल से रायसेन जैसे जिले भी लाभान्वित होंगे जो इस कॉरिडोर के मध्य स्थित हैं और वर्तमान में सघन आर्थिक गतिविधियों से वंचित हैं। पर्यटन क्षेत्र का भी विकास होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार देर शाम भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में फेडरेशन ऑफ एम.पी. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंण्डस्ट्री के दो दिवसीय विकसित भारत उद्योग व्यापार सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। सम्मेलन में विभिन्न उद्यमियों द्वारा प्रदेश में 7500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।
ढाई साल में 12 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ढाई वर्ष में 12 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे जा चुके हैं। सभी सेक्टर्स में मध्य प्रदेश अपनी स्थिति सुदृढ़ कर रहा है। पारदर्शी नीतियां लागू किए जाने से निवेशकों को उद्योग स्थापना में कोई कठिनाई नहीं हो रही है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिदिन ही निवेश संवर्धन कार्यक्रम और गतिविधियां हो रही हैं।
सुख का सवेरा लाता है उद्योग जगत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे उद्यमी विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के माध्यम से सभी नागरिकों के जीवन में सुख का सवेरा लाने का कार्य करते हैं। व्यापार और उद्योग क्षेत्र के पुण्य कार्यों से लाखों परिवारों की जीविका चलती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए उद्योग जगत की सक्रियता सराहनीय है।
भारत को सम्मान की दृष्टि से देखने लगे हैं दुनिया के बड़े देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया के बड़े देश भारत को सम्मान की दृष्टि से देखने लगे हैं। अमेरिका भी भारत की निर्वाचन प्रणाली को अपनाने के लिए लालायित है। मध्यप्रदेश में कोई कमी नहीं है। कृषि के विकास के साथ आर्थिक समृद्धि पर फोकस करने की आवश्यकता है।
अन्य राज्य भी अपना रहे मध्य प्रदेश का मॉडल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट दूसरी बार हो रही है। प्रदेश को उद्योगों के अनुकूल बनाया गया है। मध्यप्रदेश का रीजनल औद्योगिक कॉन्क्लेव करने का मॉडल बाकी राज्यों ने पसंद किया है। कई राज्य इसे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बीना में डाउनस्ट्रीम रिफाइनरी के लिए 50 हजार करोड़ रूपये के निवेश संबंधित पूर्व में किये गये भूमि-पूजन से आने वाले समय में प्रतिवर्ष 22 लाख टन से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार हो सकेगें। मध्यप्रदेश ही नहीं संपूर्ण देश के विकास की गति तेज हो रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फेडरेशन द्वारा प्रकाशित विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन किया। सम्मेलन में एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्य प्रदेश के निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाने का कार्य किया है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में लगभग एक दर्जन फेडरेशन से जुड़े सैकड़ों उद्यमी हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों से उद्यमी हिस्सा लेने आए हैं। मंत्री काश्यप ने कहा कि मध्य प्रदेश में रीजनल डेवलपमेंट प्लान और मेट्रोपॉलिटन एरिया जैसी अभिनव पहल की गई हैं। उद्योग और व्यापार जगत में विश्वास का वातावरण निर्मित हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

