home page

केंद्रीय मंत्री अमित शाह 03 अक्टूबर को आएंगे मध्य प्रदेश, मुख्यमंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा

 | 
केंद्रीय मंत्री अमित शाह 03 अक्टूबर को आएंगे मध्य प्रदेश, मुख्यमंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा


- भोपाल में राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में शामिल होंगे केन्द्रीय गृह मंत्री

भोपाल, 29 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आगामी 03 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के प्रवास पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित सम्पन्न बैठक में केंद्रीय मंत्री शाह के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आगामी तीन अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री अमित शाह प्रदेश को कई सौगातें देने भोपाल आ रहे हैं। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अतिथियों एवं नागरिकों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि शनिवार, 03 अक्टूबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। गोपालक सम्मेलन स्थल पर केंद्रीय मंत्री शाह न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन करेंगे।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री शाह इसके बाद राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री शाह भोपाल बायपास भौरी के पास आईआईएसईआर (अत्रि) परिसर का शिलान्यास और परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। शाम को केंद्रीय गृह मंत्री शाह नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री शाह प्रदेश में दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच लैब की विभिन्न सौगात भी देंगे। इन परियोजनाओं में उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत का डेयरी प्लांट और भोपाल में फार्मेटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट भी शामिल है। इस अवसर पर भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमि पूजन भी किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ पशुपालकों को बोनस वितरण, गौशालाओं की सहायता के लिए राशि प्रदान करेंगे। साथ ही गोपालक दीदीयों के सम्मान और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री शाह को प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत सम्पन्न गतिविधियों और बलराम कृषि महोत्सव के अभिनव आयोजन की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में गृह विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सहकारिता विभाग, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग के कार्यों के प्रेजेंटेशन भी होंगे। कार्यक्रम में भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन नर्मदापुरम जिलों के साथ प्रदेश के 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों की भागीदारी रहेगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर