home page

ब्रिक्स देशों का संस्कृति सम्मेलन 5 से 8 अगस्त तक भोपाल में

 | 
ब्रिक्स देशों का संस्कृति सम्मेलन 5 से 8 अगस्त तक भोपाल में


- ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधि होंगे शामिल

भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स सम्मेलन (ब्रिक्स कल्चरल ट्रैक मीटिंग) आगामी 5 से 8 अगस्त तक भोपाल में आयोजित होगा, इसमें ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्री और प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। ब्रिक्स देशों के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

यह जानकारी सोमवार को भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कमिश्नर कार्यालय में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में दी। इस अवसर पर उन्होंने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सम्मेलन की सभी व्यवस्थाएं भारत की संस्कृति, गौरव एवं परम्परा के अनुरूप उत्कृष्ट हों। उन्होंने माइक्रो प्लानिंग पर जोर देते हुए केन्द्र एवं राज्य शासन के सभी अधिकारियों को पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय की संचालक प्रियंका चंद्र वीसी के माध्यम से मौजूद रही, जबकि कमिश्नर कार्यालय में भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ अंजू अरूण कुमार, संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी, पुरातत्व विभाग, संस्कृति विभाग, एमएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

प्रस्तावित कार्यक्रम

प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन में पांच अगस्त को ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की बैठक भोपाल के मिंटो हॉल में होगी। सायंकाल सदस्यगण इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। इसके अगले दिन 6 अगस्त को पुनः ब्रिक्स देशों की तकनीकी समितियों की मिंटो हॉल में बैठक होगी, जबकि सायंकाल रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स कल्चरल फेस्टीवल में ब्रिक्स देशों के कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां होंगी।

अगले दिन 7 अगस्त को ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों का आगमन होगा और उसके पश्चात वे भोपाल में ट्राइबल म्यूजिनियम, वन विहार एवं राज्य संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। शाम 5 बजे से 7 बजे तक रवीन्द्र भवन में ब्रिक्स कल्चरल फेस्टीवल एवं कल्चरल शो का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 8 अगस्त को प्रात: 10 बजे से 2 बजे तक ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों की कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में बैठक होगी। अपराह्न के समय सांची स्तूप का भ्रमण प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर