मप्र के भोजशाला में गूंजा हनुमान चालीसा पाठ, पीछे की जमीन पर हुई जुमे की नमाज
भोपाल, 28 अगस्त (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय द्वारा दी गई अंतरिम व्यवस्था के तहत मध्य प्रदेश के धार जिला मुख्यालय भोजशाला के पीछे खसरा नंबर 612 की भूमि पर मुस्लिम समाज ने शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा की, जबकि भोजशाला परिसर में हिंदू श्रद्धालुओं ने दोपहर 1 से 3 बजे तक हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान भोजशाला के रास्ते में दरी बिछाकर नमाज पढ़़ने की कोशिश की गई, जिसे प्रशासन ने रोक दिया।
दरअसल, उच्चतम न्यायालय के आदेश पर जिला प्रशासन ने धार में भोजशाला परिसर से सटी पीछे वाली खसरा नंबर 612 की जुमे की नमाज के लिए निर्धारित की है। शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय ने इसी जमीन पर नमाज अदा की, जबकि भोजशाला परिसर के अंदर हिंदू समुदाय ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोजशाला और आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इस बार जुमे की नमाज में शामिल होने वालों की संख्या पिछली बार की तुलना में अधिक नजर आई। खसरा नंबर 612 की भूमि पर जगह कम पड़ने पर कुछ लोग लक्कड़ पीठा क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर बरसाती और दरी बिछाकर नमाज की तैयारी करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर एएसपी विजय डावर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश खसरा नंबर 612 की भूमि पर नमाज के लिए हैं, इसलिए सड़क पर नमाज की व्यवस्था नहीं की जा सकती।
इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने पास में रखी लकड़ियां हटाने की मांग रखी। एएसपी ने उन्हें इस संबंध में एसडीएम को आवेदन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि रास्ते पर बरसाती बिछाने की अनुमति नहीं है और पूर्व में हुई बैठक में भी इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। पुलिस के समझाने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने निर्धारित स्थान पर ही नमाज अदा की और स्थिति सामान्य रही।
नमाज के लिए मुस्लिम समाज के लोग दोपहर करीब एक बजे से खसरा नंबर 612 पहुंचना शुरू हुए और दोपहर तीन बजे तक नमाज की प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद नमाजी भोजशाला के पीछे वाले रास्ते से राधू टाकीज मार्ग होते हुए कमाल मौलाना दरगाह पहुंचे। इस व्यवस्था के कारण भोजशाला के मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य बना रहा और श्रद्धालुओं को परिसर में आने-जाने में परेशानी नहीं हुई।
इधर, भोजशाला परिसर में हिंदू समुदाय की ओर से हनुमान चालीसा का पाठ भी शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालु मौजूद रहे। मां वाग्देवी की स्तुति के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। झांझ, डमरू और शंख की ध्वनि से परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा।
भोजशाला-खसरा नंबर 612 से जुड़े मामले में मुस्लिम समुदाय की ओर से दायर याचिका पर उच्चतम में अगली सुनवाई 29 अक्टूबर को निर्धारित है। प्रशासन ने दोनों आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भोजशाला सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर 800 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

