home page

मप्र के रायसेन जिले की अंजना यादव ने माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री यादव ने दी बधाई

 | 
मप्र के रायसेन जिले की अंजना यादव ने माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री यादव ने दी बधाई


मप्र के रायसेन जिले की अंजना यादव ने माउंट एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री यादव ने दी बधाई


भोपाल, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के ग्रामीण अंचल में साधारण परिवार में जन्मी अंजना यादव ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपनी अथक मेहनत, साहस और अटूट दृढ़ संकल्प के बल पर दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर भारत का तिरंगा फहरा दिया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंजना को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि रायसेन जिले के ग्राम सेमरी की अंजना यादव ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलता पूर्वक चढ़ाई कर हम सभी को गौरवान्वित किया है। प्रदेश की बेटी अंजना ने इतिहास रच कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह हम सबके लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अंजना का साहस, संकल्प और समर्पण सभी बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अंजना यादव के उज्जवल भविष्य की कामना की।

रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत ग्राम सेमरी की रहने वाली अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना यादव ने 27 मई को सुबह 5:24 बजे विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8848.86 मीटर) को सफलतापूर्वक फतह कर तिरंगा फहराया और देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाया। एक साधारण ग्रामीण परिवार से निकलकर एवरेस्ट की चोटी तक पहुंचना उनकी अथक मेहनत, साहस और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। इसके पूर्व अंजना यादव ने ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूर्ण होने पर 6119 मीटर ऊंची लाबुचे पीक पर ऑपरेशन सिंदूर का बैनर लहराकर भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को नमन किया था।

अंजना यादव ने एवरेस्ट बेस कैंप से एक भावुक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ‘यह केवल एक चढ़ाई नहीं बल्कि उन शहीदों के प्रति राष्ट्र की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत की गूंज अब विश्व की सबसे ऊंची चोटियों तक पहुंच गई है। यहां से सैनिकों के बलिदान को नमन किया जा रहा है।

अंजना यादव ने अपने अभियान के माध्यम से ‘फिट इंडिया, हिट इंडिया’ का संदेश देते हुए लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान का संदेश भी दिया और सभी नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया। अंजना ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रोत्साहन, सहयोग एवं मार्गदर्शन को देते हुए उनका विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने देशवासियों, अपने परिवार, माता-पिता, मित्रों, समर्थकों तथा उन सभी लोगों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका उत्साहवर्धन किया।

अंजना ने माउंट ट्रेनिंग का बेसिक बीएमसी कोर्स हिमालयन इंस्टीट्यूट से किया है। अंजना यादव आठ खेलों में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं। वह अब तक करीब 24 चोटियों पर चढ़ चुकी हैं, जिनमें माउंट यू नाम पीक 20000 फीट, माउंट कालापट्टर पीक 18192 फीट, माउंट गोकू पीक 17929 फीट, माउंट एवरेस्ट बेस कैंप 17598 फीट, माउंट फ्रेंडशिप पीक 17346 फीट, माउंट रेनोक पीक 16023 फीट और माउंट पतासु पीक 13800 फीट शामिल हैं। उन्होंने 19 किमी गंगा राफ्टिंग भी की है. अंजना ऑल ओवर गेम्स में 17 बार नेशनल लेवल पर खेल चुकी हैं। उन्होंने खो-खो, कबड्डी, ताइक्वांडो, विसवाल जैसे खेलों में भाग लिया है।

एवरेस्ट विजय के बाद अंजना यादव सोमवार, एक जून को भारत लौट रही हैं। मध्य प्रदेश में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर