अमित शाह मप्र के दो दिनी प्रवास पर आज रात पहुंचेंगे भोपाल, शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
भोपाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज शुक्रवार रात करीब नौ बजे भोपाल पहुंचेंगे। उनका मध्य प्रदेश की राजधानी में करीब 23 घंटे का प्रवास प्रस्तावित है। शनिवार, 03 अक्टूबर को वे भेल दशहरा मैदान में होने वाले राज्यस्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में प्रदेश के 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य शामिल होंगे।
इसके अलावा केन्द्रीय मंत्री शाह डेयरी और सहकारिता क्षेत्र की कई परियोजनाओं का शुभारंभ और भूमिपूजन करेंगे। नए आपराधिक कानूनों पर राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन, आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर बैठक तथा आईआईएसईआर भोपाल के अत्रि परिसर से जुड़े कार्यक्रम भी उनके दौरे में शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह आज रात करीब नौ बजे भोपाल पहुंचेंगे और होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 03 अक्टूबर को उनका दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। शाम करीब आठ बजे उनके दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम है। उनका भोपाल प्रवास करीब 23 घंटे का रहेगा।
35 हजार से अधिक गोपालकों का सम्मेलन
प्रदेश जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह के दौरे का प्रमुख कार्यक्रम भेल दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय गोपालक सम्मेलन होगा। इसमें भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य शामिल होंगे।
सम्मेलन में शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि वितरित करेंगे। गौशालाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के तहत स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश में चल रहे कृषक कल्याण वर्ष के तहत किए गए कार्यों और बलराम कृषि महोत्सव की गतिविधियों की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री को दी जाएगी। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग की ओर से अपने-अपने कार्यों और योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
16.80 करोड़ के डेयरी प्लांट का शुभारंभ
शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ भी करेंगे। इस परियोजना पर कुल 16.80 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें केंद्र सरकार का छह करोड़ रुपये का अनुदान और भोपाल सहकारी दुग्ध संघ का 10.80 करोड़ रुपये का अंशदान शामिल है। प्लांट की दूध प्रसंस्करण क्षमता प्रतिदिन 40 हजार लीटर बताई गई है।
इस परियोजना का उद्देश्य दूध से मूल्यवर्धित डेयरी उत्पादों के उत्पादन और प्रसंस्करण क्षमता को बढ़ाना है। इसके साथ ही सांची दुग्ध संघ में सहकारी क्षेत्र की गुणवत्ता जांच से जुड़ी प्रयोगशाला का भी शुभारंभ प्रस्तावित है। सहकारिता मंत्रालय के अनुसार इस प्रयोगशाला की लागत करीब 12 करोड़ रुपये है।
उज्जैन में 255 करोड़ के डेयरी प्लांट का भूमिपूजन
अमित शाह भोपाल से उज्जैन में बनने वाले 255 करोड़ रुपये की लागत के नए डेयरी प्लांट का भूमिपूजन भी करेंगे। परियोजना का उद्देश्य उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ रहे दुग्ध उत्पादन के प्रसंस्करण और डेयरी उत्पादों की क्षमता को बढ़ाना है। प्रस्तावित प्लांट में शुरुआत में प्रतिदिन तीन लाख लीटर दूध के प्रसंस्करण की क्षमता होगी, जिसे आगे पांच लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाया जा सकेगा। परियोजना में पैक्ड मिल्क, दही, लस्सी-छाछ और घी सहित विभिन्न डेयरी उत्पादों के उत्पादन की व्यवस्था प्रस्तावित है। उपलब्ध कार्यक्रम विवरण के अनुसार परियोजना को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नए आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी का उद्घाटन
अमित शाह भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों पर राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन भी करेंगे। पुलिस मुख्यालय की ओर से लगाई जा रही इस प्रदर्शनी में नए कानूनों के प्रावधानों और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार प्रदर्शनी पांच दिन तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर नए आपराधिक कानूनों की प्रगति से संबंधित नाटक का मंचन भी प्रस्तावित है। इसके बाद शाह गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
आंतरिक सुरक्षा पर होगी मैराथन बैठक
गृह मंत्री के रूप में शाह के दौरे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा आंतरिक सुरक्षा से संबंधित बैठक भी है। होटल ताज लेकफ्रंट में केंद्र और राज्य के अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे की बैठक प्रस्तावित है। इसमें नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, कानून व्यवस्था, फोरेंसिक सुविधाओं, साइबर अपराध, नशामुक्ति अभियान और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
बैठक में केंद्रीय गृह सचिव के साथ ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो और खुफिया ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। साइबर अपराध, विशेष रूप से वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में रकम को समय पर रोकने तथा राज्यों के बीच समन्वय जैसे मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में बताए गए हैं।
नशे के खिलाफ अभियान पर भी नजर
आंतरिक सुरक्षा बैठक के दौरान नशामुक्ति अभियान को लेकर मध्य प्रदेश में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा देशविरोधी गतिविधियों, माओवादी हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य और सुरक्षा व्यवस्था जैसे विषयों पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा होगी। कार्यक्रम में भौंरी स्थित आईआईएसईआर भोपाल के अत्रि परिसर का शिलान्यास भी शामिल है। इसी अवसर पर परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण प्रस्तावित है।
पश्चिमी बायपास का भूमिपूजन भी प्रस्तावित
अमित शाह के कार्यक्रम में भोपाल पश्चिमी बाईपास से जुड़ा भूमिपूजन भी प्रस्तावित है। इस परियोजना को राजधानी के सड़क अधोसंरचना से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल किया गया है। उनके दौरे में लोक निर्माण और परिवहन विभाग की ओर से भी विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
शाह के दौरे को देखते हुए भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। उनके आवागमन और भेल दशहरा मैदान में होने वाले बड़े कार्यक्रम के कारण शहर के कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शुक्रवार शाम से शनिवार तक अलग-अलग मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। भेल क्षेत्र में कार्यक्रम के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और कुछ बसों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

